वायरल
तुरकौलिया गांव में युवक का शव मिलने से सनसनी
बस्ती। कलवारी थाना क्षेत्र के तुरकौलिया गांव में सोमवार की सुबह 27 वर्षीय युवक संदीप चौधरी का शव मिलने की खबर से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही कलवारी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस दुखद घटना की जानकारी होते ही परिजनों में मातम छा गया।
बताया जाता है कि संदीप चौधरी रविवार की रात से लापता थे। सुबह ग्रामीणों ने गांव से करीब एक किलोमीटर दूर गन्ना कांटे के पास सड़क किनारे खेत में उनका श*व पड़ा देखा, जिसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। थानाध्यक्ष कलवारी गजेंद्र प्रताप सिंह ने पहुंचकर घटना स्थल की जांच-पड़ताल शुरू की।
परिजनों के अनुसार संदीप शराब का सेवन करते थे और अक्सर देर रात घर लौटते थे। रविवार शाम भी वे शराब पीने के इरादे से घर से निकले थे, लेकिन इसके बाद वापस नहीं आए। रात भर खोजबीन के बावजूद कोई सुराग नहीं लगा, और सुबह उनकी मौत की खबर मिलने से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। संदीप पाऊं बाजार में चाट और चाउमीन की दुकान चलाकर परिवार का भरण-पोषण करते थे।
घर में पिता सुग्रीम, माता आशा, पत्नी सीमा और डेढ़ वर्ष के बेटे आर्यन का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है।
