मिर्ज़ापुर
तियरा स्टेडियम और आबाड़ी पिकनिक स्पॉट पर अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का भव्य आयोजन
सोनभद्र। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर शनिवार को जनपद सोनभद्र में भव्य आयोजन किया गया। योग दिवस का शुभारंभ आबाड़ी स्थित पिकनिक स्पॉट पर किया गया, जहां प्रभारी मंत्री रवीन्द्र जायसवाल की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन और गणेश प्रतिमा पर माल्यार्पण के साथ हुई।
इस अवसर पर जिलाधिकारी बी.एन. सिंह, पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा, मुख्य विकास अधिकारी जागृति अवस्थी, भाजपा जिलाध्यक्ष नंदलाल गुप्ता, जिला विकास अधिकारी हेमंत कुमार सिंह, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. अश्वनी कुमार, डीएफओ कुंज बिहारी वर्मा और उप जिलाधिकारी ओबरा विवेक कुमार सिंह सहित जिले के अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने योगाभ्यास में सहभागिता की। पतंजलि की पूनम द्वारा विभिन्न योगासनों का अभ्यास कराया गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया।
प्रतिभागियों को शारीरिक व मानसिक स्वास्थ्य के लिए नियमित योग करने का संदेश दिया गया। प्रभारी मंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि “जहां योग है, वहां निरोग है।” उन्होंने आबाड़ी की हरियाली और नदी की कल-कल ध्वनि को मन को शांति देने वाला बताया और प्राकृतिक सौंदर्य की सराहना की।
कार्यक्रम के दौरान योग प्रशिक्षकों को स्मृति चिन्ह और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। योगाभ्यास के बाद पिकनिक स्पॉट पर प्रभारी मंत्री, जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक, मुख्य विकास अधिकारी सहित अन्य अधिकारियों ने नदी किनारे पौधरोपण भी किया। इसी क्रम में उत्तर प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन द्वारा संचालित सोन प्रेरणा कैंटीन और सोन प्रेरणा किराना स्टोर का फीता काटकर उद्घाटन किया गया।
इसी दिन रॉबर्ट्सगंज के विशिष्ट तियरा स्टेडियम में भी योग दिवस का आयोजन हुआ, जहां मण्डलायुक्त बालकृष्ण त्रिपाठी ने दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम की शुरुआत की। इस आयोजन में पूर्व राज्यसभा सांसद रामसकल, अपर जिलाधिकारी सहदेव कुमार मिश्र सहित अन्य अधिकारियों और गणमान्य लोगों ने भाग लिया और पूरे मनोयोग से योग किया।
जिले के विभिन्न क्षेत्रों में भी अंतरराष्ट्रीय योग दिवस धूमधाम से मनाया गया। ग्राम पंचायतों, नगर पंचायतों और अमृत सरोवरों के निकट स्थानों पर योग कार्यक्रमों का आयोजन कर जनसामान्य को योग के प्रति जागरूक किया गया।
