गाजीपुर
तहसील परिसर में अवैध निर्माण का आरोप, बार एसोसिएशन ने तहसीलदार को सौंपा ज्ञापन
सैदपुर (गाजीपुर)। तहसील परिसर सैदपुर में लेखपाल संघ भवन के ठीक पीछे एक नए भवन का निर्माण किए जाने को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। तहसील बार एसोसिएशन ने इस निर्माण को अवैध बताते हुए कड़ा विरोध दर्ज कराया है और तहसीलदार को ज्ञापन सौंपकर तत्काल निर्माण कार्य पर रोक लगाने की मांग की है।
बार एसोसिएशन का आरोप है कि उक्त भवन का निर्माण बिना किसी शासकीय स्वीकृति के कराया जा रहा है। न तो निर्माण के लिए कोई नक्शा पास कराया गया है और न ही इसके लिए किसी प्रकार की सरकारी धनराशि स्वीकृत की गई है। एसोसिएशन का यह भी कहना है कि निर्माण अवैध धन उगाही और चंदे के पैसे से कराया जा रहा है।

ज्ञापन में चेतावनी दी गई है कि यदि तत्काल प्रभाव से निर्माण कार्य नहीं रोका गया, तो दिनांक 6 जनवरी 2026 से सभी अधिवक्ता धरने पर बैठेंगे तथा न्यायिक कार्य से विरत रहेंगे। इसके साथ ही बार एसोसिएशन ने अधिवक्ताओं के बैठने हेतु भवन निर्माण के लिए शीघ्र भूमि चिन्हित किए जाने की भी मांग की है।
बार एसोसिएशन के अध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद ने हमारे संवाददाता से फोन पर बातचीत में बताया कि इस संबंध में तहसीलदार सैदपुर से वार्ता हुई है और उनसे तत्काल निर्माण कार्य रोकने का अनुरोध किया गया है। तहसीलदार ने आश्वासन दिया है कि मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल तहसील परिसर में चल रहे निर्माण को लेकर अधिवक्ताओं में रोष व्याप्त है और प्रशासन के अगले कदम पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं।
