वाराणसी
डीसीपी प्रमोद कुमार ने की समीक्षा बैठक, सुरक्षा व्यवस्था पर दिए सख्त निर्देश
पिंडरा (वाराणसी)। जिले के पुलिस आयुक्त के निर्देश पर डीसीपी गोमती जोन प्रमोद कुमार और एडीसीपी आकाश पटेल ने गोमती जोन कार्यालय, बाबतपुर में समीक्षा गोष्ठी आयोजित की। इस गोष्ठी में जोन के सभी सहायक पुलिस आयुक्त, थाना प्रभारी, थानाध्यक्ष और चौकी प्रभारी मौजूद रहे। बैठक में कई अहम मुद्दों पर चर्चा हुई और दिशा-निर्देश दिए गए।
व्यावसायिक प्रतिष्ठानों, दुकानों, बैंकों, मंदिरों, एटीएम, पेट्रोल पंप, होटलों, ढाबों और ग्राहक सेवा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने के निर्देश दिए गए। धार्मिक स्थलों पर लगे अनाधिकृत लाउडस्पीकरों को हटाने और इस संबंध में कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

थाना क्षेत्रों में प्रतिदिन चिन्हित स्थानों, चौराहों, तिराहों और बाजारों में बैरियर पिकेट लगाकर संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग के निर्देश दिए गए। इसके अलावा,थाना क्षेत्रों के जेल के अंदर और बाहर सक्रिय टॉप-10 अपराधियों की सूची अपडेट करने और उनके खिलाफ निरोधात्मक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया।
डीसीपी ने पुलिसकर्मियों को रात्रि गश्त प्रभावी बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने ठंड और कोहरे के कारण सक्रिय होने वाले घुमंतू अपराधियों पर नजर रखने को कहा। वहीं, चाइनीज और नायलॉन मांझा बेचने वालों पर कानूनी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। मांझे से होने वाली दुर्घटनाओं के प्रति जनता को जागरूक करने की बात कही गई।
कुंभ मेला-2025 की तैयारियां:
कुंभ मेला-2025 को ध्यान में रखते हुए तीर्थयात्रियों की सुविधाओं पर चर्चा की गई। होटल, ढाबों और वाहन मरम्मत की दुकानों के सामने सड़क पर वाहन खड़ा करने पर रोक लगाने के निर्देश दिए गए। इस समीक्षा बैठक में डीसीपी और एडीसीपी के साथ गोमती जोन के सभी थाना प्रभारी, चौकी इंचार्ज और अन्य पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।
