सोनभद्र
डीएम ने कनहर परियोजना का निरीक्षण, पर्यावरण का दिया संदेश
दुद्धी (सोनभद्र)। जिलाधिकारी बीएन सिंह ने रविवार को दुद्धी स्थित कनहर सिंचाई परियोजना का दौरा किया। उन्होंने बांध की उपयोगिता को समझते हुए विभिन्न मानचित्रों के जरिए इसके निर्माण प्रक्रिया की तकनीकी जानकारी ली। परियोजना परिसर में आम के पौधों का पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। उनके साथ उनकी बेटी सृष्टि जो बीटेक की छात्रा हैं ने भी परियोजना को करीब से देखा और उसकी उपयोगिता समझी।
डीएम ने कहा कि यह परियोजना लंबे समय से निर्माणाधीन है, लेकिन इसके पूरा होने से लगभग 35 हजार हेक्टेयर असिंचित भूमि सिंचित होगी। उन्होंने बताया कि धन की कमी के कारण निर्माण कार्य धीमा था लेकिन अब प्रदेश सरकार ने धन आवंटित कर दिया है। बचे हुए कार्यों को जल्द पूरा करने के निर्देश भी दिए गए हैं।
निरीक्षण के दौरान डीएम ने सिंचाई विभाग के फील्ड हॉस्टल में अधिशासी अभियंता विनोद कुमार से परियोजना की जानकारी ली। उन्होंने मॉडल के माध्यम से डूब क्षेत्र, नहर निर्माण और अन्य तकनीकी पहलुओं को समझा। रेडियल गेट और मुख्य बांध स्पिलवे का भी निरीक्षण किया। अधिशासी अभियंता ने बताया कि अगले तीन वर्षों में बांध में 265 के लेवल तक पानी भरा जाएगा जो इसकी अधिकतम जल संग्रहण क्षमता है।
निरीक्षण के बाद विस्थापित नेता ईश्वरी प्रसाद निराला ने विस्थापितों की समस्याओं से संबंधित पत्रक जिलाधिकारी को सौंपा। इस दौरान कई अधिकारी और इंजीनियर मौजूद रहे।
