वाराणसी
डीएचए बलिया ने जीता उद्घाटन मैच
पंडित कृष्णदेव उपाध्याय स्मृति राज्य स्तरीय हॉकी प्रतियोगिता का आगाज
वाराणसी। गंगापुर इंटर कॉलेज के मैदान में आयोजित पंडित कृष्णदेव उपाध्याय स्मृति राज्य स्तरीय प्राइज मनी हॉकी प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ हुआ। पांच दिवसीय इस प्रतियोगिता का उद्घाटन रोहनिया विधानसभा के पूर्व विधायक सुरेंद्र नारायण सिंह और जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्या ने संयुक्त रूप से किया।
इस अवसर पर दोनों नेताओं ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में खेल के प्रति युवाओं की बढ़ती रुचि उत्साहजनक है। उन्होंने कहा कि प्रदेश और केंद्र सरकार इन प्रतिभावान खिलाड़ियों को विशेष प्रोत्साहन दे रही है।

बलिया ने उद्घाटन मैच में विजय हासिल की
बुधवार को उद्घाटन मैच डीएचए बलिया और विजय हॉकी एकेडमी, प्रयागराज के बीच खेला गया। कड़ी टक्कर वाले इस मुकाबले में पहले दो क्वार्टर तक कोई गोल नहीं हो सका। तीसरे क्वार्टर में भी मुकाबला बराबरी पर चलता रहा, लेकिन चौथे क्वार्टर में बलिया के अंकुर गुप्ता ने शानदार गोल करते हुए अपनी टीम को 1-0 की बढ़त दिलाई। यह बढ़त अंत तक बरकरार रही और डीएचए बलिया ने मैच जीतकर अगले दौर में प्रवेश किया।
कैंट स्टार ने सुरजीत हॉकी एकेडमी को हराया
पहले दिन का दूसरा मैच सुरजीत हॉकी एकेडमी और कैंट स्टार के बीच खेला गया। इस रोमांचक मुकाबले में कैंट स्टार ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सुरजीत हॉकी एकेडमी को 2-0 से हराया। खेल के 35वें मिनट में कैंट स्टार के विष्णु ने पहला गोल कर टीम को बढ़त दिलाई। इसके बाद 49वें मिनट में संजय यादव ने दूसरा गोल कर टीम की जीत सुनिश्चित की।

मैच से पहले रोहनिया विधायक सुनील पटेल ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया।
अतिथियों का हुआ सम्मान
प्रतियोगिता के दौरान मुख्य अतिथियों का स्वागत एकेडमी के अध्यक्ष मोहम्मद हुसैन अंसारी और उपाध्यक्ष विजय राजभर ने किया। वहीं, स्मृति चिन्ह सचिव अवधेश लाल मौर्य और उपसचिव चरण दास गुप्ता ने प्रदान किए।
कार्यक्रम में कोषाध्यक्ष प्रदीप कुमार सिंह, लाल बहादुर मौर्य, रोहित मोदनवाल, अमित वर्मा, अजय कुमार, माता प्रसाद, सुनील सिंह, मोहम्मद रफी, चेतनारायण कोरिय, लोकेश अग्रवाल, मानस सिंह, अरविंद कुमार सिंह, अश्वनी गुप्ता, विनोद गुप्ता, करण गुप्ता, अरविंद कुमार राव समेत भारी संख्या में खेल प्रेमी उपस्थित रहे। प्रतियोगिता के अगले मुकाबले गुरुवार को खेले जाएंगे।
