सियासत
डिप्टी लीडर पद से हटाए जाने पर बोलें ‘राघव चड्ढा’— “खामोश करवाया गया हूँ, हारा नहीं हूँ”
नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी द्वारा राज्यसभा में डिप्टी लीडर पद से हटाए जाने के एक दिन बाद सांसद राघव चड्ढा ने शुक्रवार को अपने एक्स अकाउंट पर एक वीडियो संदेश जारी कर कहा कि उन्हें खामोश जरूर किया गया है, लेकिन वे हारे नहीं हैं। उन्होंने इस संदेश के जरिए आम आदमी और अपनी पार्टी दोनों को संबोधित किया।
वीडियो में राघव चड्ढा ने कहा कि जब भी उन्हें संसद में बोलने का अवसर मिला, उन्होंने जनता से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया, जिन पर आमतौर पर चर्चा नहीं होती। उन्होंने सवाल किया कि क्या सार्वजनिक मुद्दों को उठाना कोई अपराध है या उन्होंने कोई गलती की है। आम आदमी पार्टी ने राज्यसभा सचिवालय को सूचित कर दिया है कि उन्हें सदन में बोलने का मौका न दिया जाए, जिससे यह सवाल खड़ा होता है कि उनकी आवाज को रोकने की जरूरत क्यों महसूस की गई।
उन्होंने अपने भाषण में उन मुद्दों का भी उल्लेख किया, जिन्हें उन्होंने संसद में उठाया था। इनमें एयरपोर्ट पर महंगे खाद्य पदार्थ, जोमैटो और ब्लिंकिट से जुड़े डिलीवरी राइडर्स की समस्याएं, खाने में मिलावट, टोल प्लाजा पर वसूली, बैंक चार्जेस, कंटेंट क्रिएटर्स पर टैक्स का बोझ और टेलीकॉम कंपनियों की रिचार्ज संबंधी नीतियां शामिल हैं।
राघव चड्ढा ने कहा कि इन मुद्दों को उठाने से पार्टी को लाभ मिला, लेकिन इससे नुकसान क्या हुआ, यह समझ से परे है। उन्होंने कहा कि जनता का समर्थन और प्यार उन्हें लगातार मिलता रहा है और यही उनका हौसला बढ़ाता है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे उनका साथ बनाए रखें।
अंत में उन्होंने कहा कि जिन लोगों ने उन्हें संसद में बोलने से रोका है, उनसे वे सिर्फ इतना कहना चाहते हैं कि उनकी खामोशी को हार न समझा जाए।
