Connect with us

गाजीपुर

डबल मर्डर के दो आरोपी पुलिस मुठभेड़ में घायल

Published

on

गाजीपुर। जनपद में अपराध और अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना खानपुर और थाना सैदपुर पुलिस की संयुक्त टीम ने स्वाट/सर्विलांस टीम के सहयोग से उचौरी डबल मर्डर के दो आरोपियों को मुठभेड़ में घायल कर गिरफ्तार कर लिया। इस दौरान एक आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार होने में सफल रहा। गिरफ्तार आरोपियों के पास से अवैध हथियार और कारतूस बरामद हुए हैं।

शनिवार को जनपद में विभिन्न थाना क्षेत्रों में संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की जांच की जा रही थी। इस दौरान थाना खानपुर पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि उचौरी डबल मर्डर में शामिल आरोपी रामपुर क्रॉसिंग की ओर से आ रहे हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए थाना खानपुर पुलिस ने तुरंत रामपुर क्रॉसिंग पर चेकिंग शुरू कर दी।

कुछ देर बाद अनौनी की ओर से एक मोटरसाइकिल पर सवार तीन संदिग्ध व्यक्ति आते दिखाई दिए। पुलिस ने जब उन्हें रोकने का इशारा किया तो बदमाशों ने मोटरसाइकिल से पुलिस टीम को टक्कर मारने की कोशिश की और तेजी से सैदपुर की ओर भागने लगे। तत्काल थाना खानपुर पुलिस ने इसकी सूचना प्रभारी निरीक्षक सैदपुर को दी और बदमाशों का पीछा शुरू किया।

Advertisement

सैदपुर पुलिस ने औढ़िहार की ओर से बदमाशों को घेरने का प्रयास किया, लेकिन बदमाश गाड़ी मोड़कर सिधौना की तरफ भागने लगे। इस बीच स्वाट/सर्विलांस टीम को भी सूचित कर बदमाशों का पीछा जारी रखा गया।

ग्राम पटना के पास खुद को घिरा देख बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। बदमाशों ने जान से मारने की नीयत से देसी तमंचे से दो राउंड फायर किए। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें दोनों बदमाशों के बाएं पैर में गोली लगी। घायल बदमाशों को तत्काल प्राथमिक उपचार के लिए सीएचसी सैदपुर भेजा गया।

मुठभेड़ के दौरान एक अन्य बदमाश अंधेरे का फायदा उठाकर मोटरसाइकिल सहित फरार हो गया। पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही है और संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। मिली जानकारी के मुताबिक, ग्रामीणों ने एक अन्य हत्यारे की गिरफ्तारी की मांग को लेकर औड़ीहार जौनपुर-गाजीपुर और सैदपुर-बनारस चाररमुहानी हाईवे को जाम कर दिया था। स्थानीय प्रशासन के सहयोग से डेढ़ घंटे बाद जाम समाप्त हुआ।

गिरफ्तार अभियुक्तों में अंकित सोनकर (उम्र 23 वर्ष), पुत्र पिंटू सोनकर और मेराज (उम्र 22 वर्ष), पुत्र कासिम शामिल है। दोनों आरोपी गाजीपुर जिले के खानपुर थाना अंतर्गत उचौरी गांव के रहने वाले है।


पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने उचौरी डबल मर्डर की घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। उन्होंने बताया कि पकड़े जाने के डर से उन्होंने पुलिस पर फायरिंग की थी। गिरफ्तार दोनों अभियुक्तों के खिलाफ पहले से ही गंभीर धाराओं में मामले दर्ज हैं।


Advertisement
Continue Reading
Advertisement
Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page