गोरखपुर
ट्रैक्टर-ट्रॉली और पिकअप की भिड़ंत में क्लीनर की मौत, चालक फरार
गोरखपुर। जनपद के खजनी थाना क्षेत्र के छपियां पशु बाजार के समीप सोमवार तड़के करीब 3 बजे फोरलेन पर एक भीषण सड़क हादसा हो गया। यूकेलिप्टस लकड़ी के बोटे लादकर जा रही ट्रैक्टर-ट्रॉली और एक पिकअप वाहन के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई। इस हादसे में पिकअप वाहन में सवार क्लीनर की मौके पर ही हालत गंभीर हो गई, जिसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पहचान बिहार राज्य के जिला बेतिया अंतर्गत थाना गोपालपुर क्षेत्र के ग्राम सरगटिया निवासी संतोष शाह (उम्र लगभग 46 वर्ष), पुत्र रामविलास शाह के रूप में हुई है। संतोष शाह पिकअप वाहन संख्या बीआर 22 जीसी 2561 में बाईं ओर बैठा था। टक्कर इतनी तेज थी कि पिकअप का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और संतोष गंभीर रूप से घायल हो गया।
हादसे की सूचना सबसे पहले सड़क से गुजर रहे राहगीरों ने पुलिस को दी। स्थानीय लोगों की मदद से एंबुलेंस बुलाई गई और घायल को तत्काल अस्पताल भेजा गया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। इस बीच मौका पाकर पिकअप वाहन का चालक घटनास्थल से फरार हो गया, जिससे लोगों में आक्रोश भी देखने को मिला।
सूचना मिलते ही खजनी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्रॉली और पिकअप दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर थाने भेज दिया। थाने के सब-इंस्पेक्टर राजेश कुमार सिंह ने बताया कि फोरलेन पर तड़के हुए इस हादसे की जानकारी मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की।
वहीं, खजनी थाने के कोतवाल इंस्पेक्टर जयन्त सिंह ने बताया कि मृतक के बहनोई संजय गुप्ता की तहरीर पर थाना खजनी में मुकदमा दर्ज किया गया है। केस संख्या 9/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 281 (लापरवाही से वाहन चलाना) और 106 (मौत का कारण बनना) में ट्रैक्टर संख्या यूपी 40 एबी के अज्ञात चालक के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत किया गया है। पुलिस फरार चालक की तलाश में जुटी हुई है और आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
इस दर्दनाक हादसे के बाद मृतक के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है, वहीं क्षेत्र में फोरलेन पर बढ़ते हादसों को लेकर लोगों ने प्रशासन से कड़ी कार्रवाई और सुरक्षा इंतजामों की मांग की है।
