वाराणसी
ट्रक की चपेट में आने से बाइक सवार पत्नी की मौत, पति घायल
वाराणसी (रोहनिया)। मोहनसराय पुलिस चौकी के पास सोमवार को एक दर्दनाक हादसे में तेज़ रफ्तार ट्रक की चपेट में आने से बाइक सवार रीता राजभर (40) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके पति गुलजार राजभर (45) गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर पहुंचे मोहनसराय चौकी इंचार्ज जितेंद्र ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घायल दंपति को बीएचयू के ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों ने रीता राजभर को मृत घोषित कर दिया।
जानकारी के अनुसार, मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के खालिसपुर निवासी गुलजार राजभर अपनी पत्नी रीता को दवा लेने वाराणसी गए थे। लौटते वक्त मोहनसराय पुलिस चौकी के पास ओवरब्रिज के नीचे एक तेज़ रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। इस हादसे में रीता राजभर की दर्दनाक मौत हो गई जबकि उनके पति गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही मृतका के परिवार में कोहराम मच गया। उनके तीन बेटे शनि, सोनू और अनुप पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा और घर में शोक की लहर दौड़ गई। पुलिस ने ट्रक को जब्त कर लिया है और रीता के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
