मऊ
झांसी में जूनियर बॉक्सिंग चैंपियनशिप, मऊ में शुक्रवार को होगा जनपद स्तरीय चयन

उत्तर प्रदेश खेल निदेशालय, लखनऊ और यू.पी. बॉक्सिंग एसोसिएशन के समन्वय से प्रदेश स्तरीय जूनियर बालक/बालिका बॉक्सिंग प्रतियोगिता का आयोजन 3 से 6 जून, 2025 तक क्षेत्रीय खेल कार्यालय, झांसी में किया जाएगा।
इस प्रतियोगिता में भाग लेने हेतु आजमगढ़ मंडल की टीम का गठन किया जा रहा है, जिसके लिए मऊ जनपद स्तरीय चयन/ट्रायल शुक्रवार को सायं 4 बजे डॉ. भीमराव अंबेडकर स्पोर्ट्स स्टेडियम, मऊ में आयोजित किया जाएगा।
इस ट्रायल में वही खिलाड़ी प्रतिभाग कर सकते हैं जिनकी जन्मतिथि 01 जनवरी 2009 के बाद और 31 दिसंबर 2011 के पूर्व हो। खिलाड़ियों को ट्रायल के समय अपना जन्मतिथि प्रमाण-पत्र (हाई स्कूल सर्टिफिकेट या नगर निगम द्वारा जारी प्रमाण-पत्र) और संबंधित विद्यालय के प्रधानाचार्य से प्रमाणित पात्रता प्रमाण-पत्र की छाया प्रति अनिवार्य रूप से साथ लानी होगी।
जनपद स्तर पर चयनित खिलाड़ी 31 मई, 2025 को प्रातः 11 बजे क्षेत्रीय खेल कार्यालय, सुखदेव पहलवान स्पोर्ट्स स्टेडियम, आजमगढ़ में मंडल स्तरीय ट्रायल में भाग लेंगे। मंडल स्तर पर चयनित खिलाड़ी 3 से 6 जून तक झांसी में होने वाली प्रदेश स्तरीय प्रतियोगिता में प्रतिभाग करेंगे।
प्रतियोगिता के लिए निर्धारित भार वर्ग इस प्रकार हैं: 44 किग्रा, 46 किग्रा, 48 किग्रा, 50 किग्रा, 52 किग्रा, 54 किग्रा, 57 किग्रा, 60 किग्रा, 63 किग्रा, 70 किग्रा, 75 किग्रा, 80 किग्रा एवं 80 किग्रा से अधिक।अधिक जानकारी के लिए इच्छुक खिलाड़ी किसी भी कार्यदिवस में जिला खेल कार्यालय, मऊ से संपर्क कर सकते हैं।