जौनपुर
जौनपुर: प्राइवेट स्कूलों की मनमानी फीस वसूली के खिलाफ कांग्रेस का प्रदर्शन

महंगाई और बेरोजगारी की मार झेल रही जनता पर अब शिक्षा के नाम पर भी प्रहार हो रहा है। प्राइवेट स्कूलों में बढ़ती फीस और अन्य खर्चों ने आम परिवारों की कमर तोड़ दी है। इसी मुद्दे को लेकर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय के आह्वान पर जिला और शहर कांग्रेस कमेटी ने कलेक्ट्रेट परिसर में विरोध प्रदर्शन किया।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर राज्यपाल से मांग की कि प्राइवेट स्कूलों की मनमानी वसूली पर रोक लगाने के लिए अभियान चलाया जाए। साथ ही डग्गामार वाहनों पर भी सख्त कार्रवाई की जाए।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष प्रमोद के. सिंह ने कहा कि जहां लोग रोज़मर्रा की ज़रूरतें भी मुश्किल से पूरी कर पा रहे हैं, वहीं स्कूल फीस, किताबें और यूनिफॉर्म के नाम पर जनता की जेब काटी जा रही है। उन्होंने मांग की कि ऐसे स्कूलों को चिन्हित कर उनके खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएं।
शहर अध्यक्ष आरिफ खान ने आरोप लगाया कि कई निजी स्कूल बिना पर्याप्त सुविधाओं के चलते हुए भी भारी भरकम फीस वसूल रहे हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षा के नाम पर हो रही लूट के पीछे प्रशासन और सरकार की लापरवाही भी जिम्मेदार है।
इस विरोध प्रदर्शन में यूपी कांग्रेस कमेटी के सचिव पंकज सोनकर, सत्यवीर सिंह, यूथ कांग्रेस जिला अध्यक्ष संदीप सोनकर, एनएसयूआई अध्यक्ष यशस्वी सिंह समेत कई कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।