जौनपुर
जौनपुर को मिली बड़ी सौगात: सरोखनपुर में तैयार होगा हाईटेक ई-बस चार्जिंग हब
जौनपुर। बदलापुर क्षेत्र में लखनऊ-वाराणसी फोरलेन हाइवे स्थित सरोखनपुर के पास रामजानकी मंदिर के निकट बने रोडवेज बस अड्डे पर इलेक्ट्रिक बसों के लिए अत्याधुनिक चार्जिंग स्टेशन का निर्माण कराया जाएगा। इस परियोजना पर कुल 5 करोड़ 5 लाख 78 हजार रुपये खर्च किए जाएंगे, जिसमें से शासन ने 2 करोड़ 52 लाख 89 हजार रुपये की धनराशि जारी कर दी है।
यह चार्जिंग स्टेशन हाइवे के मध्य क्षेत्र में अपनी तरह का पहला केंद्र होगा, जहां एक साथ 20 इलेक्ट्रिक बसों को चार्ज करने की सुविधा उपलब्ध रहेगी। इससे वाराणसी, लखनऊ, प्रयागराज और गोरखपुर मार्गों पर संचालित होने वाली इलेक्ट्रिक बसों को बड़ी राहत मिलेगी।
बताया गया कि इस चार्जिंग स्टेशन के निर्माण के लिए क्षेत्रीय विधायक रमेश चंद्र मिश्र लंबे समय से प्रयासरत थे। नवंबर 2025 में आयोजित बदलापुर महोत्सव के दौरान उन्होंने परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह के समक्ष इस प्रस्ताव को रखा था, जिसे स्वीकृति प्रदान कर दी गई।
शासन द्वारा परियोजना को मंजूरी मिलने के साथ ही निर्माण कार्य शुरू कराने के लिए आवश्यक धनराशि भी जारी कर दी गई है, जिससे जल्द ही कार्य प्रारंभ होने की संभावना है।
