वाराणसी
जिलाधिकारी ने सुनी 91 शिकायतें, पांच का तुरंत समाधान
पिंडरा (वाराणसी)। जिलाधिकारी एस. राजलिंगम ने सोमवार को पिंडरा तहसील मुख्यालय पर संपूर्ण समाधान दिवस के अवसर पर लोगों की समस्याओं को सुना और उनके निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया। उन्होंने कहा कि सभी शिकायतों का निस्तारण समयबद्ध और गुणवत्ता के साथ किया जाए। जन शिकायतों के समाधान में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
संपूर्ण समाधान दिवस पर विभिन्न विभागों से कुल 91 शिकायतें प्राप्त हुईं जिनमें से 5 का मौके पर ही समाधान कर दिया गया। बाकी मामलों को संबंधित अधिकारियों को सौंपते हुए जिलाधिकारी ने तय समयसीमा में पारदर्शिता और गंभीरता के साथ समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। भूमि विवाद से जुड़े मामलों में पुलिस और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम से स्थलीय निरीक्षण कर समाधान करने का आदेश दिया गया।
इस दौरान मंगारी के श्याम मोहन गुप्ता ने जल निगम की मोटर खराब होने के कारण पानी की समस्या को लेकर शिकायत दर्ज की और कहा कि यदि समाधान नहीं हुआ तो भूख हड़ताल करेंगे। वहीं, पिंडरा के गुफरान खान ने बताया कि सार्वजनिक भवन में इस्तेमाल होने वाला हैंडपंप चार महीने से खराब है, ्जि्स से स्थानीय लोगों को परेशानी हो रही है। इन शिकायतों पर जिलाधिकारी ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि जन समस्याओं को गंभीरता से लें, अन्यथा कार्रवाई की जाएगी।
कार्यक्रम के बाद तहसील बार एसोसिएशन ने जिलाधिकारी एस. राजलिंगम और तहसीलदार विकास पांडे का स्वागत किया। इस अवसर पर अध्यक्ष शिवपूजन सिंह और अन्य अधिवक्ताओं ने वाहन स्टैंड और ग्राम न्यायालय से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की। जिलाधिकारी ने इन विषयों पर जरूरी निर्देश दिए और समस्याओं के समाधान का भरोसा दिलाया। समारोह में कई वरिष्ठ अधिवक्ता और अधिकारी उपस्थित रहे।
