गाजीपुर
जन्म प्रमाणपत्र-आधार बिना भी मिलेगा स्कूल में प्रवेश
गाजीपुर (जयदेश)। जिले में नए शैक्षिक सत्र से परिषदीय विद्यालयों में प्रवेश को लेकर महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया है। अब किसी भी बच्चे का दाखिला जन्म प्रमाणपत्र या आधार कार्ड के अभाव में नहीं रोका जाएगा। अभिभावकों द्वारा उपलब्ध कराई गई जानकारी के आधार पर ही नामांकन सुनिश्चित किया जाएगा। यह जानकारी जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी उपासना रानी वर्मा ने दी।
उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार के निर्देशानुसार जिले में ‘स्कूल चलो अभियान’ दो चरणों में संचालित किया जाएगा। पहला चरण एक से 15 अप्रैल तक और दूसरा चरण एक से 15 जुलाई तक चलेगा। अभियान का उद्देश्य शत-प्रतिशत नामांकन सुनिश्चित करना और बच्चों की कक्षाओं में निरंतर उपस्थिति बनाए रखना है।
अभियान के तहत तीन वर्ष के बच्चों को आंगनबाड़ी और बाल वाटिका से जोड़ा जाएगा, जबकि छह वर्ष की आयु के बच्चों का प्रवेश कक्षा एक में कराया जाएगा। इसके अलावा सात से 14 वर्ष तक के स्कूल से बाहर रह रहे और ड्रॉपआउट बच्चों का दोबारा नामांकन भी कराया जाएगा।
इस पूरी प्रक्रिया को सफल बनाने के लिए शिक्षकों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, आशा वर्करों और शिक्षा विभाग के अधिकारियों की जिम्मेदारी तय की गई है, ताकि अधिक से अधिक बच्चों को शिक्षा से जोड़ा जा सके।
