अपराध
जखनिया में आभूषण की दुकान में लाखों की चोरी, व्यापारियों में आक्रोश
गाजीपुर। जखनिया स्थित यूनियन बैंक के पास शुक्रवार की रात एक आभूषण की दुकान का शटर तोड़कर चोरों ने लाखों रुपये के सोने-चांदी के आभूषण उड़ा लिए। चोरों ने दुकान की आलमारी तोड़कर 90 ग्राम सोने और 14.5 किलो चांदी के आभूषण चुराए, जिनकी कीमत लगभग 15 लाख रुपये बताई जा रही है। दुकान से कुछ दूरी पर स्थित खेत में चोरी के खाली डिब्बे बरामद हुए हैं।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पीड़ित व्यापारी अजीत कुमार वर्मा उर्फ बल्लू सेठ की दुकान जखनिया बाजार में यूनियन बैंक के सामने है। शनिवार सुबह टूटा शटर देखकर लोगों ने इसकी सूचना दुकान मालिक को दी, जिसके बाद घटनास्थल पर व्यापारी समुदाय में हड़कंप मच गया। चोरी की सूचना मिलते ही भाजपा व्यापार प्रकोष्ठ के जिला अध्यक्ष प्रमोद वर्मा ने एसपी सिटी ज्ञानेंद्र को घटना की जानकारी दी।

मौके पर पहुंचे भुड़कुड़ा के सीओ बलराम और कोतवाली प्रभारी निरीक्षक तारावती यादव ने जांच-पड़ताल शुरू की और आस-पास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। हालांकि, अभी तक चोरों के बारे में कोई ठोस जानकारी नहीं मिल पाई है। पुलिस ने पीड़ित द्वारा दी गई तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है और फॉरेंसिक टीम ने मौके से फिंगरप्रिंट के सैंपल भी जुटाए हैं। इस घटना से व्यापारियों में आक्रोश व्याप्त है और क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं।
