वाराणसी
छात्रों की पिटाई पर अभिभावकों का बवाल, पांच गिरफ्तार
शिक्षकों पर हमला, स्कूल का गेट और दीवार तोड़ी
चौबेपुर (वाराणसी)। श्री सुभाष इंटर कॉलेज में मंगलवार को छात्रों की पिटाई से नाराज अभिभावकों ने हंगामा कर दिया। आरोप है कि उन्होंने शिक्षकों को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा और स्कूल की संपत्ति को नुकसान पहुंचाया। पुलिस ने इस मामले में पांच लोगों को गिरफ्तार किया है।
घटना उस समय हुई जब शिक्षक संजय सिंह, राजीव सिंह और राघवेंद्र अपने-अपने कक्ष में पढ़ाने जा रहे थे। इसी दौरान कुछ छात्रों ने शिक्षकों पर पथराव कर दिया। नाराज शिक्षकों ने जवाब में कुछ छात्रों को पीट दिया। इसकी सूचना मिलने पर गुस्साए अभिभावकों ने स्कूल का बंद गेट और दीवार तोड़कर अंदर घुसकर शिक्षकों के साथ मारपीट की।
हंगामे के दौरान स्कूल में पंखे, फर्नीचर और कुर्सियों को भी तोड़ दिया गया। प्रधानाचार्य भानु प्रताप की शिकायत पर पुलिस ने पांच आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया। वहीं, घायल शिक्षकों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नरपतपुर में इलाज के लिए ले जाया गया।
थाना प्रभारी जगदीश कुशवाहा ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में अमित कुमार प्रजापति, विकास प्रजापति, अनिल कुमार प्रजापति (सभी निवासी मुरीदपुर) और शिवबचन व रामबचन (निवासी गरथौली) शामिल हैं। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कुल 12 लोगों को हिरासत में लिया, जिनमें से पांच की गिरफ्तारी की गई है।
