वाराणसी
चौकाघाट की मछली मंडी शिवाला शिफ्ट करने की तैयारी, नगर निगम ने बढ़ाया कदम
मछली व्यापारियों का होगा पंजीकरण
वाराणसी। नगर निगम की पहल पर चौकाघाट स्थित मछली मंडी को शिवाला क्षेत्र में रत्नाकर पार्क के समीप बने फिश मार्केट में स्थानांतरित किए जाने की तैयारी शुरू कर दी गई है। इस संबंध में प्रशासनिक स्तर पर कदम बढ़ा दिए गए हैं और जल्द ही योजना को अमल में लाने की बात कही जा रही है। अनुमान है कि फरवरी माह से चौकाघाट क्षेत्र में मछली का कारोबार पूरी तरह बंद हो जाएगा।
पुलिस लाइन से लहुराबीर को जोड़ने वाले मार्ग पर वरुणा नदी के किनारे संचालित मछली मंडी के कारण लंबे समय से यातायात संबंधी समस्याएं बनी रहती हैं। मछली खरीदने आने वाले लोग सड़क किनारे अपने वाहन खड़े कर देते हैं, जिससे अक्सर जाम की स्थिति उत्पन्न हो जाती है। इसी समस्या को देखते हुए वाराणसी नगर निगम ने मछली मंडी को वहां से हटाने का निर्णय लिया है।
पूर्व में दशाश्वमेध क्षेत्र की मछली मंडी को हटाकर वहां प्लाजा का निर्माण कराया गया था। उस दौरान दशाश्वमेध की मछली मंडी को शिवाला स्थानांतरित किया गया था, जहां दो मंजिला फिश मार्केट का निर्माण कराया गया है। अब उसी तर्ज पर चौकाघाट के मछली कारोबारियों को भी शिवाला स्थित मछली मंडी में शिफ्ट किए जाने की योजना है।
हालांकि चौकाघाट के मछली कारोबारियों का कहना है कि शिवाला के फिश मार्केट में उपलब्ध स्थान सीमित है, जबकि वहां कारोबार करने वालों की संख्या अधिक है। इस पर अधिकारियों का कहना है कि आवश्यकता पड़ने पर फिश मार्केट के ऊपर अतिरिक्त तल का निर्माण भी कराया जाएगा।
नगर निगम के पशु चिकित्साधिकारी डॉ. संतोष पाल के निर्देश पर चौकाघाट क्षेत्र में अस्थायी और स्थायी अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के दौरान मछली कारोबारियों को अल्टीमेटम दिया जा चुका है। अधिकारियों के अनुसार पहले चरण में सभी मछली व्यापारियों का पंजीकरण किया जाएगा, जिसके बाद स्थानांतरण की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी।
