Connect with us

वाराणसी

चोरों ने दो घरों से लाखों के जेवरात और नकदी पर किया हाथ साफ

Published

on

Loading...
Loading...

जांच में जुटी पुलिस

रामनगर (वाराणसी)। स्थानीय थाना क्षेत्र में बुधवार को चोरी की दो अलग-अलग घटनाएं हुईं, जिसमें चोरों ने लाखों रुपए के नकदी और कीमती जेवरात चुरा लिए। पहली घटना पंचवटी दुर्गा मंदिर मार्ग पर सुमंगलम गली में रहने वाले आनंद मिश्रा के घर हुई। आनंद मिश्रा बीएचयू स्थित बीएन ब्लड सेंपल हब में काम करते हैं। बुधवार को वह घर में ताला लगाकर ओबरा ब्लड कैंप में चले गए थे, जबकि उनकी नौकरानी भी छुट्टी पर गई थी।

उसी रात चोर मुख्य दरवाजे का ताला तोड़ने में विफल रहने के बाद चारदिवारी फांदकर घर में घुसे और दरवाजे की पीतल की कुंडी को तोड़ दिया। चोरों ने निचली मंजिल पर सामान बिखेर कर कीमती सामान की तलाश की, लेकिन न मिलने पर ऊपर के कमरे का ताला तोड़कर दो भर का सोने का हार, एक जोड़ी सोने के कंगन, तीन सोने के टॉप्स, 12 पीस बिछिया, सोने का मंगलसूत्र और 20,000 रुपए नकदी चुरा ले गए।

मृतुन्जय मिश्रा ने बताया कि चोरी हुए सामान का अनुमानित मूल्य लगभग 8 लाख रुपए है। उन्होंने कहा कि उनकी मां ने शादी के लिए इन गहनों को बचाकर रखा था। इस सुनसान इलाके में अधिकांश मकान खाली होने के कारण चोरी की घटनाएं अक्सर होती रहती हैं।

Advertisement

दूसरी घटना रामनगर के कोदोपुर टेंट सिटी रोड पर रीनू उपाध्याय के घर हुई। दोपहर 2 बजे उनका बेटा कोचिंग के लिए चला गया था और वह भी बाजार जाने के लिए घर में ताला लगाकर चली गई थीं। इसी दौरान दोपहर 3 से 4 बजे के बीच चोर दीवार फांदकर घर में घुस आए और करीब 55,000 रुपए मूल्य के जेवरात और 15,000 रुपए नकदी चुरा ले गए। शाम 6 बजे लौटने पर रीनू देवी को चोरी का पता चला। उन्होंने 112 नंबर पर पुलिस को सूचना दी और जांच के लिए पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस दोनों घटनाओं की जांच कर रही है और आरोपियों की पहचान के प्रयास जारी हैं।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page