पूर्वांचल
चूड़ा कूटने की मशीन में फंसकर महिला की दर्दनाक मौत
जौनपुर। जनपद के खुटहन थाना अंतर्गत ब्लॉक मुख्यालय के पास शुक्रवार की शाम को लोहार की पाही पर चूड़ा कूटने की मशीन में फंसकर एक महिला की दर्दनाक मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा के बाद स्वजनों को सौंप दिया जिसके बाद पिलकिछा घाट पर अंतिम संस्कार कर दिया गया।
खुटहन गांव के निवासी रामलुटावन गुप्ता चूड़ा कूटने की मशीन चलाते हैं। इसी स्थान पर उन्होंने फुटपाथ पर बच्चों के कपड़े बेचने की दुकान भी लगा रखी है। शुक्रवार को उनकी 52 वर्षीय पत्नी सावित्री देवी मशीन पर धान का चूड़ा बना रही थीं। अचानक उनकी साड़ी का आंचल इंजन से लगी साफ्टीन में फंस गया जिससे वे खुद को संभाल नहीं पाईं और साफ्टीन में फंसकर गोल-गोल घूमने लगीं।
मौके पर खड़े लोगों ने तत्काल दौड़कर इंजन बंद किया लेकिन तब तक गंभीर चोटें आने के कारण सावित्री देवी ने दम तोड़ दिया।
