Connect with us

वाराणसी

चाइनीज मांझा बेचने वालों पर गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज, तीन गिरफ्तार

Published

on

Loading...
Loading...

वाराणसी की चेतगंज पुलिस ने चाइनीज मांझा बेचने वाले तीन व्यापारियों पर सख्त कार्रवाई करते हुए उनके खिलाफ गैर इरादतन हत्या और हत्या के प्रयास के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस ने इन तीनों को गिरफ्तार कर लिया है। यह पहली बार है जब उत्तर प्रदेश में चाइनीज मांझा बेचने वालों के खिलाफ इतनी कठोर कार्रवाई हुई है।

29 दिसंबर को मुगलसराय निवासी सुजीत कुमार, जो लहरतारा जा रहे थे, चौकाघाट ओवरब्रिज पर चाइनीज मांझे की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गए। सुजीत कुमार की शिकायत पर चेतगंज थाने में मामला दर्ज किया गया। इसके बाद पुलिस ने लल्लापुरा निवासी आजम खान, चंदुआ छित्तूपुर निवासी जितेंद्र कुशवाहा और हरिओम नगर कॉलोनी निवासी कुंदन कुशवाहा को गिरफ्तार किया।

पुलिस ने इससे पहले सिगरा इलाके से इन सप्लायर्स को गिरफ्तार करते हुए उनके पास से 150 क्विंटल चाइनीज मांझा जब्त किया था। यह मांझा वाराणसी समेत अन्य क्षेत्रों में सप्लाई किया जा रहा था। इस मांझे से कई घटनाओं में लोगों की जान गई है और कई घायल हुए हैं।

यह कार्रवाई डीसीपी काशी गौरव बंसवाल और एसीपी चेतगंज गौरव कुमार के निर्देशन में की गई। चेतगंज थाना प्रभारी दिलीप मिश्र, नाटी इमली चौकी प्रभारी शुभेंद्र दीक्षित और सब-इंस्पेक्टर अभिषेक त्रिपाठी की टीम ने इस अभियान को सफल बनाया। चाइनीज मांझा बेचने वालों पर की गई इस सख्त कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। कचहरी परिसर में मंगलवार को अधिवक्ताओं ने भी चाइनीज मांझे पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने की मांग की है।

Advertisement

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page