अपराध
घर में घुसकर किशोरी का अपहरण, चेहरे पर उड़ेला तेजाब
अमरोहा। परिवारिक रंजिश के चलते एक पिता-पुत्र ने घर में घुसकर 14 साल की किशोरी का अपहरण किया और फिर जंगल में ले जाकर उसके ऊपर तेजाब फेंक दिया। चार दिन तक जीवन और मौत के बीच संघर्ष करने के बाद बुधवार को किशोरी की मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, रहरा थाना क्षेत्र के गांव पथरा मुस्तकम के प्रकाश अपने परिवार के साथ रहते हैं। उनके छह बच्चे हैं, चौथे नंबर की संतान यशोदा (14 वर्ष) कक्षा आठ की छात्रा थी। प्रकाश के बेटे यशवीर ने बताया कि करीब चार साल पहले उनके ताऊ की हत्या कर दी गई थी। उनके ताऊ ब्याज पर पैसे देते थे और आरोपियों प्रेमपाल और उसके बेटे योगेंद्र ने भी उनसे पैसे उधार लिए थे। जब पैसे वापस मांगे गए तो आरोपियों ने रंजिश पाल ली।
रविवार की आधी रात के बाद प्रेमपाल और योगेंद्र घर में घुस आए। यशोदा ने दरवाजा खोला तभी वे उसका अपहरण करके उसे जंगल में ले गए और उसके चेहरे पर तेजाब फेंक दिया। घायल यशोदा किसी तरह चीखते हुए घर पहुंची जिसके बाद परिजन उसे अस्पताल ले गए। हालत गंभीर होने पर उसे मेरठ रेफर किया गया जहां बुधवार को उसकी मौत हो गई। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
