दुर्घटना
घर के बाहर बैठी महिला को स्कॉर्पियों ने कुचला
देवरिया में शव सड़क पर रखकर जाम लगाया, पुलिस ने समझाकर खुलवाया जाम
देवरिया। जिले के रूपपुर–पिडरा मार्ग पर जोगिया तिराहे के पास बुधवार शाम सड़क किनारे बैठी 35 वर्षीय गुच्ची देवी को तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने टक्कर मार दी। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और उन्हें अस्पताल भिजवाया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
शुक्रवार को पोस्टमार्टम के बाद जब शव गांव पहुंचा तो परिजनों और ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। लोगों ने प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए सड़क पर शव रखकर जाम लगा दिया। इससे मार्ग पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। काफी समझाने-बुझाने के बाद जाम खुलवाया गया और यातायात बहाल कराया गया। पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है और उसकी तलाश शुरू कर दी है।
बताया जा रहा है कि हादसे के बाद स्कॉर्पियो को एक पेट्रोल पंप पर खड़ा किया गया था। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच कर वाहन और चालक की पहचान करने में जुटी है। स्थानीय लोगों ने सड़क किनारे रहने वाले परिवारों की सुरक्षा के लिए ठोस इंतजाम करने की मांग की।
