वाराणसी
घटित हरियाली को बचाने के लिए वन विभाग ने उठाया कदम
वाराणसी में घटती हरियाली को बचाने के लिए वन विभाग ने बड़ा कदम उठाया है। अब पेड़ काटने की अनुमति तभी मिलेगी जब संबंधित विभाग सड़क के दोनों किनारों पर तीन-तीन मीटर जमीन वन विभाग को देगा।
अभी तक विभाग एक पेड़ काटने के बदले पैसा लेकर अनुमति देता था लेकिन पौधरोपण के लिए पर्याप्त जमीन न मिलने से हरियाली बनाए रखने में दिक्कत हो रही थी। वन विभाग ने इस नई योजना का प्रस्ताव शासन को भेजा है जिसे डीएम और कमिश्नर से मंजूरी मिल चुकी है।
नगर निगम और पीडब्ल्यूडी जैसे विभागों को अब रोड चौड़ीकरण के लिए पेड़ काटने की अनुमति लेते समय ग्रीन बेल्ट बनाने के लिए जमीन देने की शर्त माननी होगी। इस भूमि पर वन विभाग हरियाली, औषधीय पौधे और फूल लगाएगा।
इसके अलावा आम लोगों को भी पेड़ काटने की अनुमति लेने के लिए यह बताना होगा कि वे नए पौधे कहां लगाएंगे और जमीन का विवरण भी देना होगा।
वन विभाग के मुताबिक जमीन की कमी के कारण पौधरोपण में बाधा आ रही थी जिसे इस नई योजना से सुलझाने की कोशिश की जाएगी।
