बलिया
ग्रामसभा बहदुरा में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया 79वां स्वतंत्रता दिवस
मनियर (बहदुरा) (बलिया)। मनियर ब्लॉक के अंतर्गत ग्रामसभा बहदुरा की धरती पर सैकड़ों ग्रामवासियों और युवाओं की सहभागिता से 79वां स्वतंत्रता दिवस बड़े उत्साह और उमंग के साथ मनाया गया। सुबह सबसे पहले ग्रामसभा बहदुरा के मुख्य चौराहे (चट्टी) पर ध्वजारोहण का कार्यक्रम सम्पन्न हुआ। इसके बाद कार्यक्रम के संयोजक भुवाल आनंद ने उपस्थित लोगों को संबोधित किया।
वहीं कार्यक्रम के मुख्य अतिथि इंद्रजीत पासवान ने अपने संबोधन में बताया कि किस प्रकार देश की आज़ादी के लिए अनगिनत स्वतंत्रता सेनानियों ने अपने प्राणों की आहुति दी और आज़ादी के बाद भी देश की रक्षा में अनेक वीरों ने बलिदान दिया।
इसके उपरांत ग्रामसभा के कई युवाओं ने बारी-बारी से प्रेरणादायक भाषण दिए और लोगों से भाईचारे व एकता के साथ देशहित में आगे बढ़ने की अपील की। इस अवसर पर शब्बीर अंसारी, डॉ. संतोष कुमार, सुरेंद्र कुमार, अरुण पासवान और धनंजय यादव की उपस्थिति रही।
कार्यक्रम के समापन पर भुवाल आनंद और उनके सहयोगियों ने निकटवर्ती पूर्व माध्यमिक विद्यालय के प्रांगण में जाकर बच्चों का उत्साहवर्धन किया और उन्हें कॉपी, कलम आदि वितरित किए।ग्रामवासियों के सामंजस्य और युवाओं की सक्रिय भागीदारी से यह आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
