वाराणसी
गोवा में जमीन के नाम पर करोड़ों की ठगी, दो आरोपी गिरफ्तार
वाराणसी। जनपद के भेलूपुर थाना क्षेत्र में गोवा में जमीन बिक्री के नाम पर 16 करोड़ 62 लाख 49 हजार रुपये की ठगी के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों को गोवा से पकड़कर वाराणसी लाया गया, जहां उन्हें न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया।
भेलूपुर थाना प्रभारी सुधीर त्रिपाठी के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में उत्तरी गोवा के परवरिम थाना क्षेत्र स्थित बीबी बोरकर रोड निवासी प्रजय प्रसन्ना शिरोडकर और कामत रोयल करंजलिम निवासी अमित कुमार सिन्हा शामिल हैं। अमित कुमार सिन्हा मूल रूप से देहरादून के पटेल नगर स्थित उदय विहार पीपीसीएल कॉलोनी का निवासी है। इस प्रकरण में गोवा निवासी विटोरिया जोस वेल्हो, डॉ. अमित कुमार सिंह और सीए प्रमोद पटेल अभी फरार हैं, जिनकी तलाश की जा रही है।
दुर्गाकुंड निवासी प्रॉपर्टी डीलर अनुराग कुशवाहा की तहरीर पर यह मुकदमा दर्ज किया गया। उन्होंने बताया कि वह लखनऊ के गोमती नगर निवासी अरुण कुमार गुप्ता और दिल्ली के द्वारिका निवासी गंगा प्रसाद कुशवाहा के साथ मिलकर कंस्ट्रक्शन और जमीन के कारोबार से जुड़े हैं।
शिकायत के अनुसार अमित कुमार सिन्हा ने फोन के माध्यम से संपर्क कर गोवा में विटोरिया जोस वेल्हो की जमीन बेचने की बात कही। उसने स्वयं को कनाडा में व्यापार करने वाला बताते हुए नुकसान के कारण जमीन बेचने की जरूरत बताई। इसके बाद तेलियाबाग स्थित कार्यालय में मुलाकात हुई, जहां उसने उनके बिजनेस पार्टनर से भी संपर्क किया। आगे की प्रक्रिया के तहत गोवा के एक होटल में जमीन खरीद से संबंधित औपचारिकताएं पूरी की गईं।
पूरी रकम के भुगतान के बाद जब पीड़ित पक्ष जमीन पर कब्जा लेने पहुंचा, तो एक महिला ने उस जमीन पर अपना दावा कर दिया। जांच में सामने आया कि आरोपी दूसरे की जमीन दिखाकर लोगों से ठगी करते थे। जब पीड़ित ने अपनी रकम वापस मांगी, तो आरोपियों ने उसे जान से मारने की धमकी भी दी।
