गोरखपुर
गोला तहसील में संपूर्ण समाधान दिवस आयोजित, 96 में से 6 मामलों का निस्तारण
गोलाबाजार (गोरखपुर)। रोस्टर के अनुसार शनिवार को गोला तहसील सभागार में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया, जिसकी अध्यक्षता एडीएम राजस्व हिमांशु कुमार वर्मा ने की। इस दौरान एसडीएम गोला अमित कुमार जायसवाल, सीओ गोला दरवेश कुमार, तहसीलदार सत्येंद्र कुमार मौर्य, नायब तहसीलदार बीसी चौहान एवं जयप्रकाश सहित अन्य अधिकारियों ने फरियादियों की समस्याएं सुनीं और उनके समाधान का प्रयास किया।
समाधान दिवस में कुल 96 मामले प्रस्तुत हुए, जिनमें से मात्र 6 मामलों का मौके पर निस्तारण किया जा सका। धुरियापार स्थित परिसर में चाहरदीवारी निर्माण का मुद्दा प्रमुख रूप से उठाया गया, जहां स्थानीय लोगों ने मंदिर के नाम सुरक्षित भूमि को अतिक्रमण से बचाने के लिए प्रशासन की निगरानी में बाउंड्री वाल बनवाने की मांग की। बताया गया कि एसडीएम गोला की देखरेख में पूर्व में भूमि की पैमाइश कर अतिक्रमणकारियों को हटाया जा चुका है।
रामामऊ की शालू नायक ने आरोप लगाया कि उनके छोटे भाई के सेंट्रल जाति प्रमाण पत्र पर हल्का लेखपाल रिपोर्ट नहीं लगा रहा है, जबकि तहसीलदार द्वारा अनुसूचित जाति प्रमाण पत्र जारी किया जा चुका है। उरुवा के अश्वनी उपाध्याय ने चकमार्ग पर अतिक्रमण की शिकायत दर्ज कराई। वहीं बेईल निवासी दलसिंगार ने न्यायालय के स्थगन आदेश के बावजूद निर्माण कार्य कराए जाने का आरोप लगाया।
बनकटा की कस्तूरा देवी ने पेंशन बाधित होने की समस्या उठाई, जबकि बनवारपार के अनूप कुमार तिवारी ने पाठशाला की भूमि पर अवैध कब्जे का मामला रखा, जिस पर वर्ष 2016 में खाली कराने का आदेश हो चुका है। नगर पंचायत गोला के वार्ड संख्या 7 के दिव्यांग रामसेवक ने सरकारी योजनाओं का लाभ न मिलने की शिकायत की।
सड़सड़ा के पवन सुत मिश्र ने पैतृक भूमि पर फर्जी बैनामा किए जाने का आरोप लगाया, जबकि रकौली के भोला ने न्यायालय के आदेश के बावजूद भूमि पर कब्जा किए जाने की शिकायत की। ग्राम प्रधान सड़सड़ा प्रकाश गौतम ने ग्राम सभा की भूमि पर अतिक्रमण का मुद्दा उठाया। खड़ेसरी के सुरेश ने भूमिधरी जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराने, बसावनपुर के राधेश्याम यादव ने भूमि सीमांकन तथा भीखाभर के राजनाथ ने गांव के सार्वजनिक रास्ते के निर्माण की मांग रखी।
समाधान दिवस में राजस्व, पुलिस, विद्युत, पेंशन और विकास से जुड़े अधिकांश मामले आए। इस अवसर पर बीडीओ गोला दिवाकर सिंह, रजत गुप्ता, दीपक सिंह, नीलेश प्रताप सिंह, एसडीओ विद्युत रमेश कुशवाहा, प्रतीक कुमार राय, डॉ. अमरेंद्र नाथ ठाकुर सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।
