गाजीपुर
गाजीपुर के युवक की मुंबई में संदिग्ध हालात में मौत, तीन दिन बाद गांव पहुंचा शव
दुल्लहपुर (गाजीपुर)। स्थानीय थाना क्षेत्र के नसीरपुर कत्थक गांव के एक युवक की मुंबई में मौत हो जाने से गांव और क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। मृतक का शव तीन दिन बाद जब गांव पहुंचा तो परिजनों में कोहराम मच गया और पूरे गांव में मातमी सन्नाटा पसर गया।
मृतक की पहचान सुजीत यादव (35) पुत्र के रूप में हुई है, जो पिछले कई वर्षों से मुंबई में एक प्राइवेट कंपनी में काम कर रहा था। परिजनों के अनुसार शुक्रवार की शाम सुजीत अपने कमरे में मृत अवस्था में पाया गया। घटना की सूचना मिलते ही परिवार में हड़कंप मच गया। मृतक के बड़े भाई अंबिका यादव ने बताया कि सुजीत की पत्नी सुनीता यादव और उसके दो छोटे बच्चे गांव में ही रहते हैं। मौत की खबर सुनते ही पत्नी बच्चों को गोद में लेकर रोती-बिलखती नजर आई।
परिजनों ने पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी कराने के बाद शव को हवाई जहाज से गांव लाने की व्यवस्था की। रविवार दोपहर जब शव गांव पहुंचा, तो अंतिम दर्शन के लिए लोगों का सैलाब उमड़ पड़ा। शव घर पहुंचते ही चीख-पुकार मच गई और माहौल गमगीन हो गया।
ग्रामीणों ने बताया कि सुजीत यादव स्वभाव से बेहद मिलनसार थे। गांव और मित्रों के बीच उन्हें प्यार से “सिंगर” भी कहा जाता था, क्योंकि उन्हें गाने का खास शौक था। उनकी अचानक हुई मौत से न केवल परिवार बल्कि पूरे गांव को गहरा सदमा पहुंचा है।
शव पहुंचने की सूचना पर गांव सहित आसपास के क्षेत्रों से हजारों की संख्या में लोग मृतक के घर पहुंचे। समाजसेवियों, रिश्तेदारों और ग्रामीणों ने परिजनों को ढांढस बंधाया और हर संभव मदद का आश्वासन दिया। इस हृदयविदारक घटना से पूरा क्षेत्र शोक में डूबा हुआ है और घर वालों का रो-रोकर बुरा हाल बना हुआ है।
