Connect with us

गोरखपुर

खिचड़ी मेले की तैयारियों का नगर आयुक्त ने किया निरीक्षण

Published

on

Loading...
Loading...

स्वच्छता व सजावट को लेकर दिए सख्त निर्देश

गोरखपुर। जनपद के श्री गोरखनाथ मंदिर परिसर में आयोजित होने वाले खिचड़ी मेला की तैयारियों को लेकर आज नगर आयुक्त गौरव सिंह सोगरवाल द्वारा नगर निगम गोरखपुर के माध्यम से कराए जा रहे कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने मेला व्यवस्था, स्वच्छता, सौंदर्यीकरण एवं जन-जागरूकता से जुड़े कार्यों की विस्तार से समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए।

नगर आयुक्त गौरव सिंह सोगरवाल ने गोरखनाथ ओवरब्रिज से गोरखनाथ मंदिर तक डिवाइडर पर लगी रेलिंग का निरीक्षण करते हुए उसे शीघ्र पेंट कराए जाने के निर्देश दिए। इसके साथ ही धर्मशाला ओवरब्रिज के सभी पिलरों, यातायात तिराहे से धर्मशाला तक तथा धर्मशाला से गोरखनाथ ओवरब्रिज तक रेलवे साइड वॉल पर स्वच्छ भारत मिशन से संबंधित आकर्षक वॉल पेंटिंग कराए जाने के निर्देश दिए, ताकि मेले के दौरान स्वच्छता का सकारात्मक संदेश आमजन तक पहुंचे।

नगर आयुक्त ने मेला परिसर को जीरो वेस्ट खिचड़ी मेला एवं प्लास्टिक फ्री खिचड़ी मेला के रूप में विकसित करने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने निर्देशित किया कि पूरे मेला परिसर में स्वच्छ भारत मिशन से संबंधित बैनर एवं फ्लेक्सी लगाई जाएं, जिससे श्रद्धालुओं एवं आगंतुकों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया जा सके।

Advertisement

स्वच्छता व्यवस्था को लेकर नगर आयुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिए कि खिचड़ी मेला के दौरान पूरे मेला परिसर में साफ-सफाई की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। मेला परिसर में लगने वाली प्रत्येक दुकान पर डस्टबिन अनिवार्य रूप से रखी जाए और बिना डस्टबिन के किसी भी दुकान को संचालित न होने दिया जाए।

इसके अतिरिक्त नगर आयुक्त ने मेला प्रारंभ होने से पूर्व ही आईईसी (सूचना, शिक्षा एवं संचार) टीम के माध्यम से लोगों को जीरो वेस्ट खिचड़ी मेला के प्रति जागरूक करने हेतु लगातार चार से पांच दिनों तक विशेष जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए। यह अभियान दिन एवं रात्रि दोनों समय संचालित किया जाएगा।

सौंदर्यीकरण के अंतर्गत नगर आयुक्त महोदय ने मेला परिसर में लाइट की सजावट के साथ-साथ कपड़ों, रंग-बिरंगी पतंगों, घंटियों एवं स्वास्तिक चिन्हों से भव्य सजावट कराने के निर्देश दिए, जिससे खिचड़ी मेले का वातावरण धार्मिक, सांस्कृतिक एवं आकर्षक बने।

निरीक्षण के दौरान सहायक नगर आयुक्त/जोनल अधिकारी अविनाश प्रताप सिंह, अधिशासी अभियंता अमरनाथ, सहायक अभियंता पथ प्रकाश मोहित गुप्ता, अवर अभियंता अवनीश भारती, सफाई निरीक्षक श्रवण कुमार सोनकर सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। नगर आयुक्त महोदय ने सभी अधिकारियों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए कहा कि श्रद्धालुओं की सुविधा और स्वच्छता नगर निगम की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

Advertisement

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page