वायरल
खालिस्तानी आतंकी पन्नू ने दी राम मंदिर को उड़ाने की धमकी
अयोध्या। राम मंदिर को एक बार फिर बम से उड़ाने की धमकी दी गई है। खालिस्तानी आतंकी संगठन सिख फॉर जस्टिस के प्रमुख गुरपतवंत सिंह पन्नू ने वीडियो जारी कर 16 और 17 नवंबर को हिंसा की चेतावनी दी है। पन्नू ने कहा कि हिंदुत्व विचारधारा के प्रतीक अयोध्या को हिला देंगे।
इस धमकी के बाद राम मंदिर की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। श्रीराम जन्मभूमि परिसर को हाई अलर्ट पर रखा गया है। सुरक्षा अधिकारियों ने पूरे परिसर का निरीक्षण कर सुरक्षा प्रबंधों को मजबूत किया है।
एसपी सुरक्षा बलरामाचारी दुबे ने एटीएस के जवानों और पुलिस बल के साथ परिसर का जायजा लिया। दर्शन पथ समेत मंदिर के सभी संवेदनशील क्षेत्रों की सुरक्षा की जांच की गई। दुबे ने बताया कि श्रीराम जन्मभूमि परिसर की सुरक्षा पहले से ही अभेद्य है और 24 घंटे निगरानी की जा रही है।
गौरतलब है कि पन्नू द्वारा जारी वीडियो में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को राम मंदिर में पूजा करते हुए भी दिखाया गया है। इस तरह की धमकियों के बीच प्रशासन हर स्थिति से निपटने के लिए सतर्क है।
सीओ अयोध्या आशुतोष तिवारी ने जानकारी दी है कि धमकी भरे वीडियो का मामला प्रशासन के संज्ञान में आया है। अयोध्या और श्रीराम जन्मभूमि की सुरक्षा व्यवस्था को और कड़ा कर दिया गया है और अलर्ट घोषित किया गया है।
इस संबंध में आईजी प्रवीण कुमार ने बताया कि आतंकी पन्नू द्वारा वीडियो के माध्यम से धमकी देने की जानकारी प्राप्त हुई है। उन्होंने कहा कि इस तरह के बयान पहले भी जारी किए जा चुके हैं। प्रशासन सुरक्षा व्यवस्था की दोबारा से समीक्षा कर रहा है ताकि किसी भी अप्रिय घटना को टाला जा सके।
