वाराणसी
कैंट से बाबतपुर तक रोपवे और मेट्रो की तैयारी, बदल जाएगी वाराणसी की ट्रांसपोर्ट तस्वीर
वाराणसी। शहर के समग्र विकास को गति देने के लिए काशी में लगभग पांच हजार करोड़ रुपये की लागत से सिटी इकोनॉमिक रीजन विकसित किए जाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इस परियोजना को हेरिटेज टूरिज्म थीम के तहत आगे बढ़ाया जाएगा। इसके लिए विभिन्न विभागों के बीच समन्वय बैठक आयोजित कर कार्यारंभ कर दिया गया है। योजना के तहत कैंट से बाबतपुर तक रोपवे का विस्तार प्रस्तावित है।
इसके साथ ही कैंट से बाबतपुर के बीच मेट्रो सेवा संचालित करने की संभावनाओं पर भी विचार किया जा रहा है। वहीं बुलेट ट्रेन के ठहराव के लिए जमीन की तलाश में रेलवे की टीम ने शहर के बाहरी क्षेत्रों में सर्वे किया है, जिसमें बाबतपुर एयरपोर्ट के आसपास के इलाकों पर विशेष ध्यान दिया गया।
अधिकारियों के अनुसार सिटी इकोनॉमिक रीजन के विकास का उद्देश्य काशी और उसके आसपास के औद्योगिक तथा पर्यटन क्षेत्रों को जोड़कर एक सशक्त आर्थिक क्लस्टर तैयार करना है। इससे नवाचार, रोजगार सृजन और निवेश के नए अवसर विकसित होंगे। परियोजना के अंतर्गत आधुनिक परिवहन व्यवस्था, स्मार्ट हाउसिंग और व्यापारिक केंद्रों के विकास में निजी क्षेत्र की भागीदारी सुनिश्चित करने की योजना है, जिससे पूंजी निवेश के साथ आधुनिक तकनीक और विशेषज्ञता का भी लाभ मिलेगा।
परियोजना के तहत शहर के प्रमुख मंदिरों के आसपास के क्षेत्रों का भी विशेष रूप से विकास किया जाएगा, ताकि पर्यटकों की संख्या में वृद्धि हो और स्थानीय शिल्पकारों एवं व्यापारियों को इसका लाभ मिल सके। श्रीकाशी विश्वनाथ कॉरिडोर के विकास के बाद अब अन्य मंदिर क्षेत्रों पर फोकस किया जाएगा।
