चन्दौली
केविके सभागार में एक दिवसीय किसान मेला का हुआ आयोजन

चंदौली (जयदेश)। कृषि विज्ञान केन्द्र परिसर में कृषि सूचना तन्त्र के सुदृढ़ीकरण व कृषक जागरूकता कार्यक्रम अन्तर्गत गुरूवार को एक दिवसीय जनपद स्तरीय किसान मेला का आयोजन किया गया। इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी एसएन श्रीवास्तव द्वारा प्रांगण में लगे सभी स्टालों का अवलोकन किया गया। साथ ही दीप प्रज्ज्वलित कर मेल का शुभारम्भ किया।
अध्यक्ष वरिष्ठ वैज्ञानिक डा. नरेन्द्र रघुवंशी कृषि विज्ञान केन्द्र द्वारा कृषि विविधीकरण, वानिकी, उत्पाद के मूल्य संम्वर्धन के विषय में एवं सम सामायिक फसलों के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई। बताया कि खेती केवल जीविकोपार्जन का साधन नहीं रह गया है। डा. अमित कुमार सिंह, वैज्ञानिक कृषि विज्ञान केन्द्र ने नेशनल मिशन आन नेचुरल फार्मिंग, एफपीओ व रबी में दलहनी व तिलहनी फसलों की खेती के बारे कृषकों को तकनीकी जानकारी दी गई।
मुख्य पशु चिकित्साधिकारी द्वारा अवगत कराया गया कि निःशुल्क बधियाकरण, टीकाकरण (लम्पी, एफएमडी, डीपीआर) अभियान चलाया जा रहा है। पशुपालक अपने पशुओं का बीमा कराने तथा पशुओं के हरा चारा के लिए जई बीज वितरण पशुपालन विभाग द्वारा किया जाता है। भूमि संरक्षण अधिकारी द्वारा भूमि एवं जल संरक्षण के लिए पं. दीनदयाल किसान समृद्धि योजना व खेत तालाब योजना के बारे में किसान को बताया।
जिला उद्यान अधिकारी ने एकीकृत बागवानी मिशन योजना में बारे में बताये तथा प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजनान्तर्गत स्प्रिंकलर से सिंचाई हेतु 90 प्रतिशत अनुदान देय होने की जानकारी दी गई। क्षेत्रीय प्रबन्धक, इफको अभिषेक त्रिपाठी ने नैनों यूरिया व नैनों डीएपी के उपयोग के लिए किसानों को प्रोत्साहित किया।
मुख्य विकास अधिकारी ने सभी किसान भाईयों से अपील किया कि सभी तिलहनी व दलहनीं की खेती करें। साथ ही दलहन व तिलहन के खेती के लिए किसान भाईयों को प्रेरित किया। इस मौके पर उप कृषि निदेशक, भूमि संरक्षण अधिकारी, जिला उद्यान अधिकारी, जिला पशुचिकित्साधिकारी, सहायक निदेशक मत्स्य, अध्यक्ष कृषि विज्ञान केन्द्र, उप सम्भागीय कृषि प्रसार अधिकारी, सदर, क्षेत्रीय प्रबन्धक इफको एफपीओ के निदेशक शशिकान्त, दीनानाथ श्रीवास्तव, वीरेन्द्र सिंह आदि मौजूद रहे।