वायरल
कुपवाड़ा : भारी मात्रा में हथियारों की खेप के साथ एक गिरफ्तार
जम्मू-कश्मीर के कुपवाड़ा जिले के हंदवाड़ा में एक व्यक्ति को हथियार और गोला-बारूद के साथ गिरफ्तार किया गया है। अधिकारियों ने बताया कि विशेष जानकारी मिलने के बाद विलगाम पुलिस स्टेशन के तहत छामपुरा इलाके में एक नाका लगाया गया था।
इस दौरान तारतपुरा से आ रही एक बाइक को रोका गया जिसमें सवार ने अपना नाम शाहिद सलीम लोन (27) पुत्र गुलाम मोहम्मद लोन, निवासी बिजहामा बोनियार, बारामूला बताया। वह बाइक पर चावल का एक छोटा बैग लेकर जा रहा था।बैग की तलाशी में एक पिस्तौल, एक मैगजीन, छह पिस्तौल की गोलियां और दो चीनी ग्रेनेड मिले।
व्यक्ति को तुरंत गिरफ्तार कर बीएन मुख्यालय 15 आरआर विलगाम ले जाया गया। पूछताछ में पता चला कि वह स्नातक है और पहले ड्रग्स की तस्करी में लिप्त था।
उसने अपना खुद का व्यवसाय शुरू करने के लिए पैसा कमाया था, लेकिन घाटे के बाद वह अवैध गतिविधियों में संलिप्त हो गया। उसे यह खेप सोपोर ले जाने के लिए कहा गया था लेकिन सुरक्षाबलों की सतर्कता के कारण उसे रास्ते में ही पकड़ लिया गया। उससे पूछताछ जारी है।
