Connect with us

राज्य-राजधानी

कुएं से मिला लापता युवक का शव, गांव में मचा कोहराम

Published

on

बस्ती। जनपद के रुधौली थाना क्षेत्र अंतर्गत चेसार गांव में रविवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब गांव के प्राइमरी स्कूल के पीछे और शिव मंदिर के बगल में स्थित एक पुराने कुएं से युवक का शव बरामद हुआ। शव मिलने की खबर आग की तरह फैलते ही मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई और पूरे गांव में सनसनी का माहौल बन गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान चेसार गांव निवासी वीरेंद्र पुत्र राम सवारे के रूप में हुई है। वीरेंद्र बीते 30 दिसंबर से रहस्यमय परिस्थितियों में लापता था। परिजनों के अनुसार वह घर से निकला था, लेकिन उसके बाद वापस नहीं लौटा। परिजनों ने रिश्तेदारों और आसपास के इलाकों में उसकी काफी तलाश की, लेकिन कहीं कोई जानकारी नहीं मिल सकी। अंततः परिजनों ने रुधौली थाने में वीरेंद्र की गुमशुदगी की सूचना दर्ज कराई थी।

रविवार को गांव के कुछ लोगों ने कुएं से दुर्गंध आने पर झांककर देखा, तो अंदर शव दिखाई दिया। इसकी सूचना तत्काल ग्रामीणों द्वारा पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही रुधौली थाना पुलिस मौके पर पहुंची। वरिष्ठ उप निरीक्षक शिवकुमार एवं हल्का सिपाही जय सिंह चौरसिया ने चौकीदारों और ग्रामीणों की मदद से शव को कुएं से बाहर निकलवाया।

शव बाहर निकलते ही उसकी पहचान वीरेंद्र के रूप में हुई, जिससे परिजनों में कोहराम मच गया। परिजन रो-रोकर बेहाल हो गए। गांव में शोक की लहर दौड़ गई और हर कोई इस घटना को लेकर स्तब्ध नजर आया।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, यह अभी स्पष्ट नहीं है। यह आत्महत्या है, हादसा है या किसी साजिश के तहत हत्या की गई है। इन सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है।

Advertisement

पुलिस के अनुसार पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पुलिस घटना से जुड़े हर पहलू की गहन जांच कर रही है और मृतक के परिजनों व ग्रामीणों से पूछताछ की जा रही है।

इस घटना के बाद से चेसार गांव में भय और शोक का माहौल बना हुआ है, वहीं लोग युवक की मौत को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं कर रहे हैं।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page