अपराध
किशोरी का नहाते वक्त बनाया वीडियो, वायरल करने की धमकी देकर सामूहिक दुष्कर्म

वाराणसी। कपसेठी थाना क्षेत्र की 16 वर्षीय एक किशोरी के साथ सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है। पीड़िता के नहाने के दौरान एक युवक ने उसका वीडियो बना लिया। इसके बाद वीडियो वायरल करने की धमकी देकर युवक अपने दोस्त के साथ किशोरी से दुष्कर्म करने लगा।
पीड़िता ने किसी तरह से हिम्मत कर आपबीती मां को सुनाई। आरोप है कि मिर्जामुराद थानाध्यक्ष सात दिन तक पीड़िता की मां को दौड़ाते रहे। उच्चाधिकारियों के निर्देश पर शुक्रवार को युवक, उसके दोस्त, मां-बाप और एक महिला के खिलाफ सामूहिक दुष्कर्म सहित अन्य आरोपों में मिर्जामुराद थाने में मुकदमा दर्ज किया गया।
कपसेठी थाना क्षेत्र के एक गांव की किशोरी चित्रसेनपुर स्थित अपने ननिहाल वर्ष 2024 में गई थी। आरोप है कि उसके नहाने के दौरान दिनेश उर्फ बखेडू ने उसका वीडियो बना लिया। फिर गांव की ही विवाहिता मुस्कान के माध्यम से किशोरी को मिलने के लिए बुलाने लगा। किशोरी के मिलने जाने पर दिनेश और उसका दोस्त कृष्ण कुमार उसके साथ दुष्कर्म करते थे। यह सिलसिला लगभग छह माह तक चला।
पीड़िता की मां का आरोप है कि वह सात दिन तक मिर्जामुराद थानाध्यक्ष के चक्कर काटती रही, लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। अंततः किशोरी की मां ने उच्चाधिकारियों से मुलाकात कर कार्रवाई की गुहार लगाई, तब जाकर मिर्जामुराद थाने की पुलिस हरकत में आई। मिर्जामुराद थानाध्यक्ष सुधीर त्रिपाठी ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी गई है।