Connect with us

वाराणसी

कांशीराम कॉलोनी में गंदगी पर नगर आयुक्त को फटकार

Published

on

Loading...
Loading...

कैबिनेट मंत्री के औचक निरीक्षण में खुली नगर निगम की पोल

वाराणसी। उत्तर प्रदेश के वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश खन्ना ने वाराणसी के कांशीराम आवासीय कॉलोनी का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान कॉलोनी में फैली गंदगी और अव्यवस्थाओं पर उन्होंने नगर आयुक्त सहित अन्य अधिकारियों को फटकार लगाई। उन्होंने निर्देश दिया कि कॉलोनी की सफाई व्यवस्था और अन्य समस्याओं को 24 घंटे के अंदर ठीक किया जाए। सुरेश खन्ना ने छोटी मलदहिया मलिन बस्ती का भी स्थलीय निरीक्षण कर साफ सफाई की व्यवस्था परखी।

औचक निरीक्षण में खुली नगर निगम की पोल

प्रभारी मंत्री सुरेश खन्ना वाराणसी में यूपी दिवस समारोह में भाग लेने पहुंचे थे। नगर निगम ने उन्हें मलदहिया मलिन बस्ती में निरीक्षण के लिए ले जाया, जहां पहले से साफ-सफाई कराई गई थी। मंत्री ने इसे दिखावा करार देते हुए अधिकारियों की चालाकी पकड़ ली। उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं के सुझाव पर शिवपुर, इंद्रपुर स्थित कांशीराम आवासीय कॉलोनी का दौरा किया।

Advertisement

कॉलोनी में गंदगी का साम्राज्य

कांशीराम कॉलोनी में मंत्री का काफिला पहुंचते ही नगर निगम की लापरवाही उजागर हो गई। कॉलोनी में गंदगी का अंबार था, सीवर लाइन ध्वस्त पड़ी थी और दीवारें टूट रही थीं। स्ट्रीट लाइटें बंद पड़ी थीं, जिससे रात में कॉलोनी में अंधेरा छाया रहता था। इन सब पर मंत्री ने कड़ी नाराजगी जताई और अधिकारियों को 24 घंटे में व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए।

सीएसआर फंड से काम कराने का निर्देश

Advertisement

मंत्री ने खराब सीवर लाइन और टूटी सड़कों को देखते हुए नगर आयुक्त से कहा कि यदि नगर निगम के पास फंड की कमी है, तो इन कार्यों को सीएसआर फंड से कराया जाए। उन्होंने कॉलोनी में सोलर लाइट लगाने का भी आदेश दिया।

कूड़ाघर और अस्पताल परिसर का निरीक्षण

प्रभारी मंत्री ने शिवपुर राजकीय अस्पताल परिसर में बने कूड़ाघर का भी निरीक्षण किया। अस्पताल के आसपास गंदगी देखकर मंत्री ने नाराजगी जताई और जल्द से जल्द सफाई करवाने के निर्देश दिए।

फिर निरीक्षण करने की चेतावनी

Advertisement

सुरेश खन्ना ने अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि कॉलोनी में मूलभूत सुविधाओं की कमी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि दोबारा निरीक्षण करेंगे और यदि व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो कड़ी कार्रवाई की जाएगी। निरीक्षण के दौरान भाजपा कोषाध्यक्ष मनीष कपूर, अरुण सिंह, पार्षद बलिराम कन्नौजिया, दिनेश यादव समेत कई पदाधिकारी मौजूद रहे।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page