गोरखपुर
कंबल कारखाने के आधुनिकीकरण से खजनी के सपनों को मिली नई उड़ान : अरविन्द त्रिपाठी
गोरखपुर। खजनी बाजार में स्थित ऐतिहासिक कंबल कारखाने के उच्चीकरण एवं आधुनिकीकरण हेतु मुख्यमंत्री द्वारा साढ़े सात करोड़ रुपये की स्वीकृति ने पूरे क्षेत्र में आशा, विश्वास और प्रसन्नता का संचार कर दिया है। यह निर्णय केवल एक आर्थिक स्वीकृति नहीं, बल्कि खजनी के श्रमिकों, बुनकरों और व्यापारियों के भविष्य को सशक्त करने की दिशा में उठाया गया दूरदर्शी कदम है।
व्यवसायी एवं समाजसेवी अरविन्द त्रिपाठी ने भावुक होते हुए कहा कि यह कारखाना खजनी की पहचान है, इससे हजारों परिवारों की आजीविका जुड़ी रही है। मुख्यमंत्री का यह निर्णय उन हाथों को मजबूती देगा, जो वर्षों से मेहनत कर खजनी का नाम रोशन करते आए हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि आधुनिक मशीनों और सुविधाओं से उत्पादन बढ़ेगा, युवाओं को रोजगार मिलेगा और खजनी आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ेगा।
इस निर्णय का स्वागत करते हुए अशोक कुमार मिश्र, राजेश श्रीवास्तव, अश्वनी मिश्र, शेषमणि पांडेय, राजेश जायसवाल, संदीप गुप्ता, अनिल वर्मा, राम सिंह वर्मा, दीपक निगम, योगेंद्र पांडेय, अरुण मिश्रा, अमितेश शर्मा, मनोज वर्मा, रामप्रताप, मदन मोहन पांडेय, गौरव त्रिपाठी सहित अनेक क्षेत्रवासियों ने कहा कि यह फैसला खजनी के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव साबित होगा।
