Connect with us

वाराणसी

ऑटो में पेपर ब्लेड से चालक का गला रेता, आरोपी गिरफ्तार

Published

on

Loading...
Loading...

वाराणसी। चितईपुर थाना क्षेत्र के सुंदरपुर-नेवादा मार्ग पर मधुबन लॉन के पास बीती रात करीब 10 बजे ऑटो चालक की पेपर ब्लेड से गला रेतकर हत्या कर दी गई। वारदात की सूचना मिलते ही चितईपुर पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास के लोगों से पूछताछ के साथ ही आरोपी विवेक यादव को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है।

पुलिस के मुताबिक घटना के समय मधुबन लॉन के सामने ऑटो खड़ी थी। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि रात 10 बजे ऑटो की पिछली सीट पर विवेक यादव बैठा था, जबकि आगे चालक मौजूद था। इसी दौरान अचानक विवेक ने पेपर ब्लेड से चालक का गला रेत दिया। चालक के चीखने पर आरोपी ऑटो से उतरकर अपने घर की ओर भाग निकला। वह रास्ते में एक मिठाई की दुकान में छिपा और फिर वारदात स्थल से करीब 200 मीटर दूर अपने घर में जाकर छिप गया। स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस ने उसे पकड़ लिया।

Loading...

पुलिस ने लहूलुहान चालक को बीएचयू के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। डीसीपी क्राइम सरवणन टी. ने बताया कि ऑटो चालक की शिनाख्त की जा रही है। परिवहन विभाग के रिकॉर्ड में ऑटो अशोक विहार कालोनी निवासी महेश यादव के नाम से पंजीकृत है। पुलिस मालिक से भी संपर्क साध रही है।

पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि वारदात के बाद विवेक पैदल ही अपने घर की ओर भागा था। आरोपी को पकड़ने की कोशिश के दौरान उसने चाकू दिखाकर हमला करने और डराने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस ने कंबल ओढ़ाकर उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार पूछताछ के दौरान विवेक अधिकतर समय मौन ही रहा। घटना के पीछे किराये का विवाद, रंजिश समेत अन्य बिंदुओं पर तफ्तीश की जा रही है। वारदात स्थल का डीसीपी क्राइम ने निरीक्षण किया है। पुलिस ने ऑटो चालक के शव को संरक्षण में लेकर हत्या की वजहों का पता लगाने की कार्रवाई शुरू कर दी है। ऑटो नरिया से भिखारीपुर की ओर जा रहा था।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page