वाराणसी
एस.ओ. निकिता सिंह ने अपनी टीम के साथ क्षेत्र में किया गश्त, सुरक्षा व्यवस्था को परखा
युवतियों ने दी लेडी सिंघम की उपाधि
वाराणसी। कोतवाली पुलिस स्टेशन की महिला एस.ओ. निकिता सिंह ने शुक्रवार को अपनी टीम के साथ विभिन्न क्षेत्रों में गश्त करते हुए सुरक्षा व्यवस्था को परखा। उन्होंने मछोदरी, विशेश्वरगंज, कालभैरव एवं मैदागिन क्षेत्र में होली के मद्देनजर पूरी मुस्तैदी के साथ अपनी टीम को लेकर गश्त किया।

इस दौरान मैदागिन क्षेत्र में बहुत ही खूबसूरत दृश्य देखने को मिला। जब एक छोटी बच्ची ने महिला एस.ओ. के साथ सेल्फी लेने की रिक्वेस्ट की और एसओ निकिता सिंह ने बच्ची की इस विश को पूरा भी किया। बच्ची ने बताया कि, उसे भी बड़े होकर पुलिस ऑफिसर बनना है।

क्षेत्र में अपनी टीम के साथ गश्त करने के दौरान निकिता सिंह लोगों के आकर्षण का केंद्र भी रही। कुछ वरिष्ठजनों ने कहा कि, नारी शक्ति को सलाम। तो वहीं कुछ युवतियों ने उन्हें लेडी सिंघम की उपाधि देते हुए उनकी कार्यशैली की तारीफ की।

इस दौरान उन्होंने जयदेश की न्यूज़ एंकर सोनाली पटवा से बातचीत करते हुए बताया कि, वैसे तो प्रतिदिन अपने क्षेत्र में गश्त करते रहते हैं, लेकिन होली के मद्देनजर और अन्य त्यौहारों के दरम्यान क्षेत्र में बराबर गश्ती चलती रहती है। एक महिला अधिकारी के रूप में अपने पद की गरिमा बनाए रखते हुए अपने टीम का नेतृत्व करना बहुत ही जिम्मेदारी वाला काम है, जिसे मैं ईमानदारी से निभा रही हूं।
