वाराणसी
एयरपोर्ट पर बुर्के में युवती संग युवक पकड़ाया, मुंबई भागने की साजिश नाकाम
वाराणसी। लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा, बाबतपुर पर उस समय हड़कंप मच गया जब एक युवक और युवती को बुर्का पहनकर विमान से मुंबई जाने की कोशिश करते हुए पकड़ लिया गया। सीआईएसएफ की सतर्कता के चलते दोनों को संदेह के आधार पर रोका गया और पूछताछ के दौरान मामला खुलकर सामने आ गया। घटना के बाद एयरपोर्ट परिसर में काफी देर तक हलचल बनी रही।
जानकारी के अनुसार, प्रारंभिक जांच में सामने आया कि हिंदू युवती बुर्का पहनकर मुस्लिम युवक के साथ मुंबई जाने की कोशिश कर रही थी। सुरक्षा अधिकारियों को दोनों की गतिविधियां संदिग्ध लगीं, जिसके बाद उन्हें रोककर पूछताछ की गई। पूछताछ के दौरान दोनों ने गोपालगंज से भागकर मुंबई जाने की योजना की जानकारी दी। पुलिस ने दोनों की पहचान कर उन्हें तत्काल हिरासत में ले लिया है और मामले की विस्तृत जांच जारी है। युवक के एक सहयोगी से भी पूछताछ की तैयारी की जा रही है।
मिली जानकारी के मुताबिक, युवती मूल रूप से गोपालगंज, बिहार की रहने वाली है और उसका परिवार मुंबई में रहता है, जहां उसके पिता सब्जी का कारोबार करते हैं। वहीं, युवती का संपर्क मुंबई में मुस्लिम युवक सिराज से हुआ था। दोनों के बीच संबंध की जानकारी मिलने पर परिजनों ने युवती को गोपालगंज बुलाकर सिराज से विवाह की बात कही, लेकिन अलग धर्म में विवाह की स्थिति सामने आने के बाद परिजन उसकी दूसरी जगह शादी कराने की तैयारी में जुट गए।
बताया जाता है कि युवती ने अपनी शादी कहीं और तय किए जाने की सूचना सिराज को दी, जिसके बाद वह उसे लेने के लिए बनारस पहुंचा। इस दौरान युवती को बुर्का उपलब्ध कराने में सिराज के एक मुस्लिम दोस्त ने मदद की। दोनों घर से भागकर विमान के जरिए मुंबई जाने की योजना बना रहे थे, लेकिन बुर्के में युवती को देखकर सीआईएसएफ को संदेह हुआ और दोनों को पकड़ लिया गया। सख्ती से पूछताछ में दोनों ने पूरी कहानी बता दी, जिसके बाद परिजनों को भी सूचना दे दी गई है।
पुलिस के अनुसार, मामले में परिजनों के आने का इंतजार किया जा रहा है, जिसके बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
