चन्दौली
एमएलसी आशुतोष सिंह ने की घोषणा – “चंदौली में बनेगा नीमा भवन”

चंदौली। चंधासी मुगलसराय कैंप कार्यालय में उत्तर प्रदेश नीमा के नवनिर्वाचित महासचिव डॉ. राजेश श्रीवास्तव के स्वागत एवं अभिनंदन का भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों द्वारा भगवान धन्वंतरि जी के तैल चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलित कर की गई। इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने आयुष चिकित्सकों की भूमिका और उनकी समस्याओं पर चर्चा की।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डॉ. राजेश श्रीवास्तव ने कहा कि संगठन द्वारा दी गई जिम्मेदारी को वे पूरी निष्ठा एवं ईमानदारी से निभाएंगे। उन्होंने आयुष चिकित्सकों की समस्याओं के समाधान हेतु प्रदेश एवं राष्ट्रीय स्तर पर संघर्ष करने की प्रतिबद्धता जताई। उन्होंने यह भी कहा कि यदि अधिकारी आयुष चिकित्सकों को परेशान करेंगे तो इसका मुंहतोड़ जवाब दिया जाएगा।
विशेष आमंत्रित अतिथि, एमएलसी आशुतोष सिंह ने कहा कि आयुष चिकित्सकों की किसी भी समस्या के समाधान के लिए वे 24 घंटे तत्पर रहेंगे। उन्होंने चंदौली में नीमा भवन के निर्माण के लिए अपने निधि से धन आवंटित करने की भी घोषणा की और भवन निर्माण कार्य शीघ्र आरंभ करने का आग्रह किया।
समाजसेवी रतन कुमार श्रीवास्तव ने नीमा संगठन की सराहना करते हुए कहा कि यह संस्था ग्रामीण अंचलों में निःशुल्क चिकित्सा सेवाएं प्रदान कर रही है, जो अत्यंत प्रशंसनीय है। उन्होंने भवन निर्माण में हर संभव सहयोग देने का आश्वासन दिया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता उत्तर प्रदेश नीमा सर्जिकल सोसायटी के अध्यक्ष डॉ. आनंद विद्यार्थी ने की। उन्होंने कहा कि संगठन ने अब तक एकजुट होकर कार्य किया है और आगे भी इसी समर्पण के साथ कार्य करता रहेगा। उन्होंने सभी सदस्यों से संगठित रहने का आह्वान किया।
नीमा चंदौली के अध्यक्ष डॉ. एस.के. यादव ने बताया कि 1987 में 10 सदस्यों से प्रारंभ हुआ यह संगठन आज सैकड़ों चिकित्सकों को एकजुट कर उनकी समस्याओं के समाधान के लिए निरंतर कार्य कर रहा है। उन्होंने संगठन की मजबूती एवं एकता बनाए रखने पर जोर दिया।
इस अवसर पर डॉक्टर ए.एस.सी. श्रीवास्तव, डॉक्टर स्वामीनाथ यादव, डॉक्टर एस.बी. सिंह, डॉक्टर शिवाजी सिंह, डॉक्टर ओ.एन. सिंह, डॉक्टर रमेशचंद्र शर्मा, डॉक्टर आशुतोष सिंह, डॉक्टर अनिल पांडे, डॉक्टर एस.एन. तिवारी, डॉक्टर सचिन दुबे, डॉक्टर अमरेश्वर दास, डॉक्टर एस.के. शर्मा सहित अन्य प्रतिष्ठित चिकित्सक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन नीमा चंदौली के सचिव डॉ. आर.के. शर्मा ने किया।