मुम्बई
एक्टर शरद कपूर पर महिला ने लगाया यौन शोषण का आरोप, मुकदमा दर्ज

मुंबई। अभिनेता शरद कपूर पर एक महिला ने यौन उत्पीड़न का आरोप लगाया है। पीड़िता का कहना है कि शरद कपूर ने उसे काम के बहाने अपने घर बुलाया और वहां शारीरिक संबंध बनाने की कोशिश की। खार पुलिस स्टेशन में इस मामले को लेकर एफआईआर दर्ज की गई है, हालांकि शरद कपूर ने अभी तक इस पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है।
पीड़िता का आरोप है कि शरद कपूर से उसकी फेसबुक पर दोस्ती हुई थी और बाद में दोनों की वीडियो कॉल्स भी हुईं। शरद ने महिला से कहा कि वह शूटिंग के बारे में बात करना चाहते हैं और उसे खार में अपने ऑफिस आने के लिए कहा। लेकिन जब महिला वहां पहुंची, तो उसे पता चला कि वह ऑफिस नहीं, बल्कि शरद कपूर का घर था।
महिला ने बताया कि शरद कपूर के घर की तीसरी मंजिल पर पहुंचने के बाद एक व्यक्ति ने दरवाजा खोला और शरद ने उसे बेडरूम में बुलाया। इसके बाद शरद ने उसके साथ बैड टच करने की कोशिश की और फिर शाम को शरद ने उसे व्हाट्सएप पर गाली-गलौज भरे संदेश भेजे।
महिला ने इस घटना के बारे में एक दोस्त को बताया, जिसने फिर पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई। खार पुलिस ने महिला की शिकायत के आधार पर शरद कपूर के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 74 (महिला पर हमला या बल प्रयोग), 75 (यौन उत्पीड़न), और 79 (महिला की इज्जत का अपमान) के तहत मामला दर्ज किया है।
शरद कपूर का फिल्मी करियर
शरद कपूर ने 1996 में फिल्म इंडस्ट्री में कदम रखा था और तब से वह कई बड़ी फिल्मों का हिस्सा रहे हैं। उन्होंने ‘जोश’, ‘एलओसी कारगिल’, ‘जानी दुश्मन’ ‘जय हो’ और ‘लक्ष्य’ जैसी फिल्मों में अभिनय किया है। इसके अलावा, वह शाहरुख खान, सलमान खान, जैकी श्रॉफ, सुष्मिता सेन और ऐश्वर्या राय जैसे बड़े सितारों के साथ भी काम कर चुके हैं। शरद ने 2008 में पश्चिम बंगाल के पूर्व मुख्यमंत्री ज्योति बसु की पोती कोयल बसु से शादी की थी।