गोरखपुर
ईंट भट्ठा से रस्सियां काटकर घोड़ा और खच्चर ले उड़े चोर
गोरखपुर। हरपुर-बुदहट थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत अनन्तपुर में स्थित मनोज मार्का ईंट भट्ठा से बीते बुधवार की रात अज्ञात लोगों ने एक खच्चर और एक घोड़ा चोरी कर लिया। गुरुवार सुबह घटना की जानकारी होने पर भट्ठा परिसर और आसपास काफी खोजबीन की गई, लेकिन जब कहीं कोई सुराग नहीं मिला तो ईंट भट्ठा मालिक फूलदेव यादव ने हरपुर-बुदहट थाने में लिखित तहरीर देकर शिकायत दर्ज कराई।
भट्ठा मालिक मनोज मार्क फूलदेव यादव के अनुसार चोरी की वारदात देर रात करीब 2 बजे के आसपास हुई। बताया गया कि चोर भट्ठे के भीतर घुस आए और काम के लिए रखे गए घोड़े व खच्चर को बांधने वाली रस्सियां काटकर उन्हें अपने साथ ले गए। सुबह मजदूरों ने जब दोनों जानवरों को गायब देखा तो मौके पर हड़कंप मच गया, जिसके बाद फूलदेव यादव ने तत्काल थाने पहुंचकर घटना से पुलिस को अवगत कराया।
इस संबंध में थानाध्यक्ष विवेक कुमार मिश्र ने बताया कि तहरीर प्राप्त हो गई है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है तथा मुखबिरों की मदद से चोरों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।
