Connect with us

वाराणसी

इंस्टाग्राम दोस्ती बनी मुसीबत, युवती को निजी तस्वीरें वायरल करने की धमकी

Published

on

Loading...
Loading...

वाराणसी। चोलापुर थाना क्षेत्र में एक युवती ने युवक पर निजी तस्वीरें वायरल करने की धमकी देने का आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराया है। आरोपी युवक चौबेपुर थानाक्षेत्र का निवासी बताया गया है, जो वर्तमान में गुजरात में कार्यरत है। पुलिस ने मामले की रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पीड़िता, जो वाराणसी शहर में एक निजी नौकरी करती है, उसने बताया कि लगभग दस महीने पहले उसकी पहचान इंस्टाग्राम के माध्यम से चौबेपुर थानाक्षेत्र के जयरामपुर निवासी संदीप पटेल से हुई थी। इसके बाद दोनों के बीच बातचीत शुरू हुई और कई बार मुलाकात भी हुई।

एसीपी सारनाथ विदुष सक्सेना के अनुसार, युवती ने अपनी तहरीर में बताया है कि मुलाकात के दौरान संदीप पटेल ने उसके मोबाइल से उसकी निजी तस्वीरें अपने फोन में ले ली थीं। कुछ समय बाद इस बात की जानकारी युवती के परिजनों को हुई, जिसके बाद दोनों को समझाकर मिलने से रोक दिया गया।

इसके बाद आरोपी के परिजनों ने उसे गुजरात भेज दिया, जहां से वह लगातार फोन कर युवती पर बात करने का दबाव बना रहा है। आरोप है कि बातचीत न करने पर वह निजी तस्वीरें इंस्टाग्राम और परिजनों को भेजने की धमकी दे रहा है।

मामले में एसीपी विदुष सक्सेना ने बताया कि युवती की शिकायत पर चोलापुर थाने में बीएनएस की धारा 351 और 352 के साथ ही आईटी एक्ट की धारा 67 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और जल्द ही आरोपी की गिरफ्तारी की बात कही गई है।

Advertisement

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page