Connect with us

वाराणसी

आवास प्लस सर्वे की समीक्षा, 17 फरवरी तक सर्वे पूरा करने का निर्देश

Published

on

Loading...
Loading...

वाराणसी। मुख्य विकास अधिकारी की अध्यक्षता में प्रधानमंत्री आवास प्लस सर्वे 2024-25 की प्रगति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें सभी खंड विकास अधिकारी, सर्वेक्षणकर्ता और नोडल अधिकारी उपस्थित रहे।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी ने सभी खंड विकास अधिकारियों और सर्वेयरों को अंतिम चेतावनी देते हुए निर्देश दिया कि 17 फरवरी 2025 तक सभी ग्राम पंचायतों में सर्वे नियमानुसार पूरा कराया जाए।

बैठक में विकास खंड में तैनात 10 सबसे खराब प्रदर्शन करने वाले सर्वेयरों की समीक्षा की गई और उन्हें प्रगति में सुधार करने के निर्देश दिए गए। विशेष रूप से, सेवापुरी के सर्वेयर गौतम कुमार, जिन्होंने अब तक केवल 15 सर्वे किए हैं, और अंकित कुमार चौबे, जिन्होंने मात्र 7 सर्वे पूरे किए हैं, पर नाराजगी व्यक्त की गई। खंड विकास अधिकारी को निर्देश दिया गया कि इन सर्वेयरों से स्पष्टीकरण प्राप्त कर विभागीय कार्रवाई के लिए मुख्यालय को प्रस्ताव भेजा जाए।

जीरो-पावर्टी सर्वे के अंतर्गत जिन परिवारों के मकान कच्चे हैं और उनका आवास प्लस सर्वे हो चुका है, लेकिन यदि पात्र होने के बावजूद उनका नाम सूची में नहीं है, तो संबंधित सर्वेयर और खंड विकास अधिकारी उत्तरदायी होंगे। इसके अलावा, सर्वे के दौरान यदि किसी परिवार में स्पॉन्सरशिप योजना के तहत पात्र बच्चे हैं, तो उनका फार्म भरवाकर जिला प्रोबेशन कार्यालय भेजना अनिवार्य होगा।

सभी नोडल अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि वे अपने क्षेत्र की तीन सबसे खराब और तीन सबसे अच्छी प्रगति वाली ग्राम पंचायतों का स्थलीय निरीक्षण कर एक सप्ताह के भीतर अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत करें।

Advertisement

साथ ही, ऐसे लाभार्थी जिनका सर्वे किसी कारणवश नहीं हो सका है, वे अपनी शिकायत कंट्रोल रूम के नंबर 2500365 और 2500366 पर दर्ज करा सकते हैं। इस जानकारी का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित किया जाए।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page