वायरल
आगरा में फाइव स्टार होटल से कुत्ता लापता, मालिक ने 20 हजार का रखा इनाम
आगरा की सड़कों पर इन दिनों एक अनोखे पोस्टर ने लोगों का ध्यान खींचा है। इन पोस्टरों पर एक फीमेल डॉग की तस्वीर के साथ लिखा है कि जो भी उसे ढूंढकर लाएगा, उसे 20 हजार रुपए का इनाम दिया जाएगा। दरअसल, गुरुग्राम से आए दीपायन और कस्तूरी नामक पर्यटक का कुत्ता आगरा के एक 5 स्टार होटल से लापता हो गया है।
दीपायन और उनकी पत्नी कस्तूरी अपने दो पेट डॉग्स के साथ 1 नवंबर को आगरा आए थे और ताज व्यू होटल में ठहरे थे, जो कि एक पेट-फ्रेंडली होटल है। 3 नवंबर की सुबह जब वे फतेहपुर सीकरी घूमने गए तो उन्होंने अपने डॉग्स को होटल की पेट सिटिंग सर्विस को सौंप दिया। लेकिन होटल से उन्हें दोपहर में फोन आया कि उनकी फीमेल डॉग गायब हो गई है।

होटल लौटने पर दीपायन ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज चेक किए जिसमें ताज मेट्रो स्टेशन के पास उनकी डॉग नजर आयी पर उसके बाद से उसका कोई सुराग नहीं मिला। परेशान दीपायन और कस्तूरी ने पोस्टर छपवाकर इनाम की घोषणा की। पहले इनाम की राशि 10 हजार रखी गई थी, लेकिन कुत्ते के नहीं मिलने पर इसे बढ़ाकर 20 हजार कर दिया गया है।
दीपायन ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो भी जारी किया है, जिसमें उन्होंने कहा कि उनकी 9 साल की फीमेल डॉग जर्मन शिफर्ड की क्रॉस ब्रीड है जिसका नाम ग्रे हाउंड है। उसके गले में एक चिप लगी है जिसे कोई भी वेटनरी डॉक्टर स्कैन कर सकता है। उन्होंने लोगों से अपील की है कि उनकी डॉग को ढूंढने में मदद करे। वे केवल अपनी डॉग की तलाश के लिए आगरा में रुके हुए हैं।
होटल मैनेजमेंट पर नाराजगी जताते हुए दीपायन का कहना है कि उन्होंने पेट सिटिंग के लिए 2 हजार रुपए का चार्ज अदा किया था ताकि उनके डॉग्स का अच्छे से ध्यान रखा जा सके। लेकिन इसके बावजूद उनका कुत्ता लापता हो गया जो बेहद चिंता का विषय है। अब तक इस मामले में पुलिस भी जुटी हुई है और डॉगी की तलाश जारी है।
