राज्य-राजधानी
अहमदाबाद विमान हादसा: पूर्व सीएम विजय रूपाणी का अंतिम संस्कार आज

अब तक 92 शवों की पहचान हो चुकी है
अहमदाबाद से लंदन जा रही एअर इंडिया की फ्लाइट AI-171, 12 जून को टेकऑफ के कुछ देर बाद दुर्घटनाग्रस्त हो गई थी। हादसे के चार दिन बाद अब तक 92 शवों की पहचान की जा चुकी है, जिनमें से 47 को उनके परिजनों को सौंपा गया है। शवों को एम्बुलेंस के जरिए सिक्योरिटी के साथ गृहनगर भेजा जा रहा है।
रविवार को पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी के शव की पहचान हुई। उनका आज चार्टर्ड विमान से राजकोट ले जाया जाएगा, जहां दोपहर 3 बजे उनका अंतिम संस्कार होगा। इस दौरान केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह भी मौजूद रहेंगे।
घटना के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रमुख सचिव पीके मिश्रा ने दुर्घटनास्थल का निरीक्षण किया और सिविल अस्पताल में घायलों से मुलाकात की। इसके बाद केंद्र और राज्य सरकार के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक हुई। जांच ब्यूरो (AAIB) और एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया के वरिष्ठ अधिकारी भी इसमें शामिल हुए।
बता दें कि, 12 जून की दोपहर फ्लाइट AI-171, बोइंग 787-8 ड्रीमलाइनर, दुर्घटना के वक्त अहमदाबाद के बीजे मेडिकल कॉलेज एवं सिविल हॉस्पिटल के हॉस्टल की इमारत से टकरा गई थी। विमान में कुल 241 लोग सवार थे, जिनमें 229 यात्री, 10 केबिन क्रू और 2 पायलट शामिल थे। हादसे में हॉस्टल परिसर के अतिरिक्त 34 अन्य लोगों की भी मृत्यु हुई, जिससे मृतकों की संख्या 275 तक पहुंच गई।
सिविल अस्पताल द्वारा जारी लिस्ट में रविवार शाम तक 33 और शव उनके परिजनों को सौंप दिए गए। विदेशी नागरिकों के परिजन भी अहमदाबाद पहुंचे हैं और अपने प्रियजनों के अंतिम दर्शन कर रहे हैं। मृतकों में शामिल ब्रिटिश नागरिक रोजर डेविड क्रिस्टिन को रविवार को अहमदाबाद में दफनाया गया।
14 वर्षीय आकाश पटनी का अंतिम संस्कार भी रविवार को किया गया। वहीं जांच को मजबूती देने के लिए फ्लाइट का ब्लैक बॉक्स और कॉकपिट वॉयस रिकॉर्डर (CVR) बरामद कर लिया गया है। इससे दुर्घटना के कारणों की जांच में तेजी आएगी।