वाराणसी
असम के राज्यपाल ने रामनगर में शोक संतप्त परिवारों से व्यक्त की संवेदना

रामनगर (वाराणसी)। असम के राज्यपाल लक्ष्मण प्रसाद आचार्य शुक्रवार को रामनगर पहुंचे। उन्होंने दुर्ग रोड स्थित मंशा देवी मंदिर में मत्था टेक कर पूजा-अर्चना की। इसके बाद राज्यपाल ने तीन अलग-अलग शोक संतप्त परिवारों के घर जाकर संवेदना व्यक्त की।राज्यपाल सबसे पहले भाजपा महानगर मंत्री डॉ. अनुपम गुप्ता के बटाऊबीर स्थित आवास पहुंचे, जहां उन्होंने डॉ. गुप्ता की माता उर्मिला गुप्ता (80) के निधन पर शोक जताया। उर्मिला गुप्ता का निधन 11 जनवरी को हुआ था।
इसके बाद राज्यपाल ने नगर पालिका के पूर्व सभासद दिलीप जायसवाल के मच्छरहट्टा स्थित आवास पहुंचकर उनके निधन पर परिवार को सांत्वना दी। दिलीप जायसवाल (47) का निधन 10 जनवरी को हुआ था।राज्यपाल ने इसके पश्चात सपा के पूर्व सभासद संजय यादव के सीहाबीर स्थित आवास पर शोक संवेदना व्यक्त की।
संजय यादव के छोटे बेटे दीपक यादव (26) की 21 दिसंबर को एक दुर्घटना में मृत्यु हो गई थी। राज्यपाल ने इसे हृदय विदारक घटना बताते हुए परिवार को ढांढस बंधाया।इससे पूर्व राज्यपाल का मंशा देवी मंदिर पहुंचने पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने भव्य स्वागत किया।
स्वागत करने वालों में आशा गुप्ता, शैलेन्द्र किशोर पांडेय, मधुकर चित्रांश, अशोक जायसवाल, अजय प्रताप सिंह, डॉ. आरके सिंह, रितेश पाल गौतम, जितेंद्र पांडेय, मनोज यादव, राजकुमार सिंह, शिव कश्यप राही, रितेश राय, शुभम सिंह, मंजू देवी, सुनीता गुप्ता और दुर्गा साहनी सहित अन्य लोग शामिल थे।
राज्यपाल के साथ असम राजभवन के कमिश्नर मीनाक्षी सुंदरम ने भी मंशा देवी मंदिर में दर्शन किए। दर्शन के बाद राज्यपाल ने रामनगर दुर्ग के संग्रहालय का अवलोकन भी किया। मीनाक्षी सुंदरम असम के कई जिलों में जिलाधिकारी रह चुके हैं और वर्तमान में राजभवन के कमिश्नर पद पर कार्यरत हैं।