वायरल
अमेरिका चुनाव में भारत की बेटी ने लहराया परचम, परिवार में जश्न का माहौल
गाजियाबाद। अमेरिका में हुए राष्ट्रपति चुनावों में जहां डोनाल्ड ट्रंप ने रिपब्लिकन पार्टी की ओर से जीत दर्ज की, वहीं एक और भारतीय मूल की बेटी ने अपनी जीत से सुर्खियां बटोरीं। गाजियाबाद के संजय नगर की रहने वाली सबा हैदर ने अमेरिका के ड्यूपेज काउंटी बोर्ड के चुनाव में डेमोक्रेटिक पार्टी के उम्मीदवार के रूप में रिपब्लिकन पार्टी की प्रत्याशी पेट्रोसिया पेटी गुस्टिन को आठ हजार से अधिक वोटों से हराया।
सबा की इस शानदार जीत के बाद उनके परिवार में जश्न का माहौल है और बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है। सबा हैदर के पिता अली हैदर बुलंदशहर के औरंगाबाद के निवासी हैं। जो नौकरी के कारण गाजियाबाद आकर बस गये। उनकी बेटी सबा ने यहीं पर प्रारंभिक शिक्षा ग्रहण की। होली चाइल्ड स्कूल से इंटरमीडिएट करने के बाद सबा ने राम चमेली चड्ढा कॉलेज से बीएससी में टॉप किया और अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी से वाइल्ड लाइफ साइंसेज में एमएससी की डिग्री हासिल की, जिसमें उन्हें गोल्ड मेडल से सम्मानित किया गया।
शादी के बाद सबा अमेरिका शिफ्ट हो गईं, जहां उनके पति कंप्यूटर इंजीनियर के तौर पर कार्यरत हैं। ड्यूपेज काउंटी बोर्ड में जीत के बाद सबा ने अपने समुदाय के विकास और सशक्तिकरण के लिए काम करने का संकल्प लिया है। भारत में सबा की इस उपलब्धि से न सिर्फ उनके परिवार बल्कि पूरे गाजियाबाद में गर्व का माहौल है।
