Connect with us

अपराध

अमेठी में शिक्षक की परिवार समेत हत्या

Published

on

Loading...
Loading...

उत्तर प्रदेश के अमेठी जिले के शिवरतनगंज थाना क्षेत्र के भवानी नगर चौराहे पर गुरुवार की शाम कुछ अपराधियों ने घर में घुसकर शिक्षक सुनील कुमार और उनके पूरे परिवार की गोली मारकर हत्या कर दी। इस हमले में शिक्षक, उनकी पत्नी और दोनों बच्चों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और कई थानों की फोर्स घटनास्थल पर पहुंच गई। इस घटना पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने संज्ञान लेते हुए अधिकारियों को मौके पर पहुंचने और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। योगी आदित्यनाथ ने कहा कि दोषियों को सख्त सजा दी जाएगी।

किराए पर रहते थे शिक्षक


जानकारी के मुताबिक, शिवरतनगंज थाना क्षेत्र के अहोरवा भवानी कस्बे में एक मुख्य चौराहे के पास किराए के मकान में रहने वाले शिक्षक सुनील कुमार (35) अपनी पत्नी और दो बच्चों के साथ रहते थे। वह पीएमश्री विद्यालय पन्हौना में सहायक अध्यापक के पद पर कार्यरत थे।

गुरुवार की शाम कुछ अज्ञात हमलावर उनके आवास पर पहुंचे और सुनील कुमार पर गोलीबारी शुरू कर दी। इस हमले में सुनील उनकी पत्नी और दोनों बच्चे भी गोली लगने से घायल हो गए। सभी को तत्काल सिंहपुर के सीएचसी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने चारों को मृत घोषित कर दिया।

Advertisement

घटना की सूचना मिलते ही एसपी अनूप कुमार सिंह और भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचे। एएसपी हरेंद्र प्रताप ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

पुलिस के प्रारंभिक जांच के अनुसार, 18 अगस्त को सुनील की पत्नी पूनम ने रायबरेली के नगर कोतवाली में एससी-एसटी एक्ट की धारा 354 समेत अन्य गंभीर धाराओं के तहत चंदन वर्मा के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई थी। हालांकि, पुलिस ने मखदूमपुर चौकी में दोनों पक्षों के बीच समझौता करा दिया था।

इस मामले में अब भी शक की नजर चंदन वर्मा पर ही है। जिस व्यक्ति के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था उसके साथ हाल ही में समझौता हुआ था। पुलिस प्रारंभिक जांच में इसी एंगल को ध्यान में रखकर काम कर रही है। दो बच्चियों की हत्या जिस तरह से की गई है, उससे यह संदेह किया जा रहा है कि यह किसी पुराने विवाद का नतीजा हो सकता है।

एसपी अनूप कुमार ने बताया कि मौके पर लूट का कोई सबूत नहीं मिला है। जांच से पता चला है कि शिक्षक ने संजय वर्मा के खिलाफ एससी-एसटी और छेड़छाड़ के तहत एक मामला दर्ज कराया था। पुलिस यह जांच कर रही है कि क्या इस वजह से यह घटना घटी। हत्यारों का पता लगाने के लिए टीमें तैनात कर दी गई हैं।

Advertisement

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page